हिसार। शहर में महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने की वारदात लगातार बढ़ रही हैं। रविवार रात करीब 9 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने सेक्टर 9-11 में घूम रही कमलेश के गले से सोने की चेन झपट ली। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में बदमाश बाइक पर हेलमेट पहने नजर आ रहे हैं।
अर्बन एस्टेट थाना पुलिस को दी गई शिकायत में सेक्टर 9-11 में रहने वाली कमलेश ने बताया कि रविवार रात करीब 9 बजे घर के बाहर सड़क पर घूम रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक आए। दोनों युवकों ने हेलमेट पहना हुआ था। बाइक के पीछे बैठे युवक ने झपटा मारकर गले में पहनी 11 ग्राम की सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक साउथ सिटी की तरफ फरार हो गए। जांच अधिकारी एसआई रणधीर सिंह ने बताया कि चेन झपटने वाले आरोपियों की फुटेज हासिल की है।
विदेश भेजने के नाम पर 46 लाख रुपये ठगने के मामले में आरोपी जांच में शामिल
हांसी। थाना सदर पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 46 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को जांच में शामिल किया है। जांच में शामिल किए गए आरोपी की पहचान हिसार के किन्नर निवासी नरेश के रूप में हुई है। थाना सदर में तैनात उप निरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि आरोपी ने गत दिनों पहले मसूदपुर निवासी दोनों भाइयों को राजेंद्र व राजेश को विदेश भेजने के लिए एजेंट को पैसे दिलवाने में बिचौलिए की भूमिका निभाई थी। पुलिस ने दोनों भाइयों की शिकायत पर जींद के धारीदी निवासी हरदीप, उसकी पत्नी शारदा, किन्नर गांव निवासी नरेश, उसके साथी सोनू, अमनदीप सिंह देओल, जसदेव चहल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। मामला मार्च महीने में दर्ज हुआ था। संवाद