नारनौंद के खांडा मोड़ पर टूटकर गिरे खंभे से दबकर क्षतिग्रस्त हुई बाइक।
नारनौंद (हांसी)। जींद से हांसी जा रही हरियाणा पुलिस की बस बुधवार सुबह करीब 10 बजे खांडा मोड़ स्थित पुलिस चेक पोस्ट के पास अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर से खंभा टूट गया। इसके बाद बस आगे ले जाते समय चालक का संतुलन बिगड़ने से वहां खड़ी करीब पांच बाइक और सड़क किनारे खड़ी दो रेहड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
बस हांसी जिला पुलिस की गताई गई है। चालक की पहचान नहीं हो पाई है। घटना के समय चेक पोस्ट पर हांसी जाने के लिए काफी सवारियां मौजूद थीं। गनीमत रही कि कोई व्यक्ति चपेट में नहीं आया। जांच अधिकारी जितेंद्र सिंह ढिल्लों ने बताया कि फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।