जिला पुलिस ने दो अलग-अलग लोगों की शिकायत पर एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मामले की शिकायत शहर निवासी एक महिला ने मिलगेट थाने में दी है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह अपने 11 वर्षीय दोहते के साथ रहती है। पीड़िता ने बताया कि दो नवंबर 2020 को उसका दोहता दुकान पर चीज लेने गया था तो रास्ते में आरोपी साहिल ने उसके साथ कुकर्म किया था। इस संबंध में पुलिस में केस दर्ज करवाया था। यह मामला अदालत में चल रहा है।
पीड़िता ने बताया कि उसके बावजूद आरोपी उसके दोहते को बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा है और केस वापस लेने का दबाव बना रहा है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी साहिल नशा करता है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब वह मामले की शिकायत लेकर 12 क्वार्टर चौकी गई तो वहां इंचार्ज ने उस पर भड़कते हुए जातिसूचक अपशब्द कहे। पीड़िता का आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने महिला पुलिस बुलवाकर उसका रिमांड करवाने और फर्जी केस में फंसाकर सीआईए में पहुंचाने की बात की। पीड़िता का आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने उस पर धारा 82 लगवाने की भी धमकी दी। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।