प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिसार में हरियाणवी अंदाज में जनता से खुद को जोड़ा। भाषण की शुरुआत में बोले-सबतै पहलम तै सारे बुजुर्गां नै, भाई-बहनां नै और नाैजवान साथियां नै राम राम। इसके बाद उन्होंने पंडाल के बाहर धूप में बैठे लोगों से माफी मांगते हुए कहा, मैं आपका यह तप बेकार नहीं जाने दूंगा, विकास करके लाैटाऊंगा। फिर ठेठ देसी अंदाज में कहा, हरियाणा हांग्ये का प्रदेश है। पूरा हांगा ला दियो। इबकै सारी कसर काढ़ दियो। सारयां नै मना लियो।
पीएम मोदी अपने 36 मिनट के भाषण में दलितों, किसानों, जवानों और युवाओं को साधने की कोशिश करते दिखे। उन्होंने अपना पूरा संबोधन इन्हीं के इर्दगिर्द रखा। चौधरी भजनलाल और बंसीलाल को भी याद किया। मोदी ने हरियाणा की विरासत का जिक्र करते हुए कहा, ये राखीगढ़ी की धरती है।
देश प्रेम, और प्रकृति प्रेम के लिए दिए गए बलिदानों को यहां की जनता याद कर मानव जाति को प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा, यहां अंग्रेजों की क्रूर तोपों के भी जख्म हैं और यहां पेड़ों की रक्षा के लिए बिश्नोई समाज के तप व त्याग की मिसाल भी है। मोदी ने कहा, यहां के विकास के लिए चौधरी भजनलाल का बड़ा योगदान है।
इसके बाद कहा कि चौधरी बंसीलाल मुझसे हमेशा महर्षि दयानंद सरस्वती जी की बातें किया करते थे। मुझे ताज्जुब होता है कि उन्हें मुझसे ज्यादा जानकारी दयानंद सरस्वती के बारे में थी, जबकि महर्षि गुजरात में पैदा हुए थे। महर्षि की बातें करते हुए वह भावुक हो जाते थे। ये मेरा सौभाग्य रहा है कि मुझे हरियाणा ने बहुत कुछ सिखाया है।
पीएम ने मंच पर मौजूद भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई, पोते भव्य बिश्नोई सहित उनके समर्थकों में जोश भरने का प्रयास किया, वहीं चौधरी बंसीलाल की तारीफ कर उनकी पुत्रवधू किरण चौधरी, पोती श्रुति चौधरी व उनके समर्थकों में ऊर्जा का संचार करने की कोशिश की।
घोषणाओं के जरिये कांग्रेस पर तीखा हमला
हिमाचल, तेलंगाना, कनार्टक सरकार की घोषणाओं का जिक्र कर पीएम मोदी ने कांग्रेस तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, मैं आप लोगों को एक काम दे रहा हूं। जब भी कांग्रेस वाले आपसे किसानों की बात करें, तो आप बस उनसे एक ही बात पूछना कि हरियाणा में बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हो, कर्नाटक में तुम्हारी सरकार है, तेलंगाना में तुम्हारी सरकार है, इन वादों को पहले वहां लागू करके दिखाओ। मोदी ने कहा, कांग्रेस सिर्फ वादे करती है, इन्हें कभी पूरा नहीं करती। इनसे पल्ला झाड़ लेती है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों को वोट बैंक के रूप में देखा है। उन्हें हमेशा किसानों को पानी के लिए तरसाया है, जबकि भाजपा उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने कहा, कांग्रेस के रहते कभी स्थिरता नहीं आ सकती। इनके नेताओं में सीएम पद को लेकर मारामारी मची हुई है।
मिर्चपुर व गोहाना कांड के बहाने दलितों को साधने का प्रयास
पीएम मोदी ने जनता को मिर्चपुर व गोहाना कांड की याद भी दिलाई। उन्होंने कहा, कांग्रेस शासन में दलित बेटियों के साथ अन्याय हुआ, लेकिन सरकार चुप्पी साधे रखी। असल में इनके दरवाजे दलितों व वंचितों के लिए बंद हैं। उनकी पीड़ा इन्हें समझ नहीं आती। मोदी ने कहा, आज कांग्रेस का शाही परिवार कह रहा है, दलित और पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर देंगे। कांग्रेस ने दलितों पर जो अत्याचार किया है, उसे दलित समाज कभी भी भूल नहीं सकता। उन्होंने आगे कहा, समाज में जिनको कोई नहीं पूछता, मोदी उनको पूजता है। मुद्रा योजना से हरियाणा के लाखों लोगों को बिना गारंटी के लोन मिले हैं। ये गरीब दलित पिछड़े आदिवासी परिवारों के लोग हैं। मोदी ने रेहड़ी, ठेले, पटरी पर काम करने वालों का भी ध्यान रखा है। ये धन्ना सेठ नहीं हैं। कांग्रेस ने इन्हें कभी नहीं पूछा। इनकी गारंटी भी आपके बेटे ने ली। मोदी ने भाषण में दलितों को साधने के लिए मुख्यमंत्री निवास का नाम कबीर कुटीर रखने का जिक्र खास ताैर पर किया। इसके अलावा उन्होंने कबीर छात्रावासों के लिए बढ़ाए बजट का भी उल्लेख किया।
किसानों को याद दिलाया उनका दर्द
प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों के लिए कांग्रेस सरकार के समय मुआवजा, नहरी पानी और एमएसपी की बातें भी याद दिलाईं। साथ ही कांग्रेस शासित राज्यों में किसानों की आत्महत्याओं का जिक्र भी किया। उन्होंने भाजपा को किसान हितैषी बताते हुए सरकार की ओर से चलाई जा रहीं तमाम योजनाएं गिनाईं। दिल्ली के दामाद का नाम लेकर यह बताने का प्रयास किया कि कांग्रेस के समय किसानों की जमीनें किस तरह छीन ली गई थीं।
युवाओं को साधने के लिए पर्ची-खर्ची का जिक्र
युवाओं की नौकरियों के सवाल पर पर्ची खर्ची का जिक्र कर पीएम मोदी ने युवाओं को साधने की कोशिश की। मोदी ने कहा, कांग्रेस ने हरियाणा के युवाओं पर भी दोहरा वार किया है। कांग्रेस के समय में बिना पर्ची-खर्ची के सरकारी नौकरी नहीं मिलती थी। घूस देने के लिए गरीब को अपना खेत तक बेचना पड़ता था। भाजपा ने बिना पर्ची-खर्ची नौकरियां दीं। बस, यही बात कांग्रेस को अखर गई है, इसलिए कांग्रेस के भर्ती रोकों गैंग ने युवाओं को नौकरियां देने पर ब्रेक लगवा दिया। मोदी ने युवाओं में यह संदेश देने की कोशिश की कि उनको नौकरी देने में कांग्रेस बाधा है। कांग्रेस की सरकार में बिना खर्ची -पर्ची नौकरी नहीं मिलेगी।
सैनिकों की भावनाओं से जुड़ने की कोशिश
पीएम नरेंद्र मोदी ने कश्मीर में सैनिकों पर पत्थरबाजी को कांग्रेस से जोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने अपने भाषण के जरिये यह संदेश दिया कि कांग्रेस कश्मीर में पत्थरबाजी का दौर दोबारा लाना चाहती है। याद दिलाया कि हरियाणा के वीर-जवानों पर कश्मीर में किस तरह पत्थर बरसाए जाते थे। उन्हें लहूलुहान किया जाता था। इसके अलावा सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन का जिक्र कर बताया कि भाजपा ही सैनिकों की सच्ची हितैषी है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने पर भी कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया। कहा कि जब भारत दुश्मनों के घर में घुसकर वार करता है तो ये कांग्रेस वाले उसके सबूत मांगते हैं।
मंगाली में बनी लाल मनकों की माला से स्वागत
भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत कपास के फूलों का गुलदस्ता देकर किया। मंगाली में बनी लाल मनकों की माला उन्हें पहनाई। इसके बाद हरियाणवी पगड़ी पहना कर अभिनंदन किया गया। राखीगढ़ी की साइट का चित्र वाला स्मृति चिह्न भेंट किया गया । अग्रोहा धाम, गुरु जंभेश्वर, खाटू श्याम, माता बनभौरी को प्रणाम यहां के लोगों से सीधा जुड़ने का प्रयास भी मोदी ने किया।