हिसार। गांव सातरोड कलां निवासी एक प्लंबर की मंगलवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।
गांव सातरोड कलां निवासी सतबीर ने बताया कि वह अपना मकान बनवा रहा है और सोनू वहां प्लंबिंग का काम करता था। मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे सोनू दवा लाने के लिए उससे 500 रुपये लेकर चला गया। वह उसकी बाइक भी साथ ले गया था जिसकी जानकारी उसे नहीं थी।
रात करीब 12 बजे सतबीर के पास एक पुलिसकर्मी का फोन आया। पुलिसकर्मी ने बताया कि उसकी बाइक चला रहा युवक सुलखनी मोड़ के पास सड़क हादसे का शिकार हो गया है। वहां सड़क खराब होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में सोनू के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि हादसे के समय सोनू ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। सतबीर ने बताया कि सोनू के पिता सूबे सिंह का वर्ष 2021 में निधन हो चुका है।