पैरा लॉन बाल नेशनल चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ी।
हिसार। दिल्ली स्थित यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 28 व 29 मार्च को हुई दो दिवसीय प्रथम पैरा लॉन बाल नेशनल चैंपियनशिप में हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, बिहार, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, असम के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विकलांग अधिकार मंच के जिला सचिव संदीप कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में हरियाणा के अलग-अलग जिलों के खिलाड़ियों ने 15 मेडल जीते हैं।
उन्होंने बताया कि गांव मोहब्बतपुर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अमित दिनोदिया ने मैन ट्रिपल में स्वर्ण, मिक्स में रजत, मैन डबल्स में रजत और फोर्थ में कांस्य पदक हासिल किया। बी-6 कैटेगिरी में हिसार के कृष्ण कुमार और श्याम सुंदर ने कांस्य पदक, बी-8 कैटेगिरी में हिसार से संदीप कापड़ो ने स्वर्ण पदक, बी-3 में महिला एकल में हिसार के पंकज शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता।
पुरुष युगल में बी-6 में हिसार से सतीश कापड़ो और श्याम सुंदर ने स्वर्ण पदक, बी-1 कैटेगिरी में हिसार से महेंद्र सिंह और सतीश माजरा ने रजत पदक, बी-8 कैटेगिरी में हिसार से अमित दिनोदिया ने रजत पदक, पुरुष ट्रिपल में हिसार से अमित दिनोदिया और संदीप कापड़ो प्रथम रहे। ओपन फोर्थ में हिसार के अमित दिनोदिया, सुरजीत और संदीप कापड़ो ने कांस्य पदक जीते।
बी-6 कैटेगिरी में श्याम सुंदर, बी-8 कैटेगिरी में हिसार से अमित दिनोदिया ने रजत, महिला युगम में बी-6 कैटेगिरी में हिसार से रेखा शर्मा और मनीषा ने कांस्य, बी-8 कैटेगिरी में हिसार से मीनाक्षी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने पैरा इंडियन लॉन बाल्स फेडरेशन के सेक्रेटरी जनरल मोहम्मद राजा का आभार जताया है।