हिसार। लोकसभा चुनाव के बाद अब विधानसभा चुनाव के कारण महाबीर स्टेडियम के हॉल खाली करवाए जा चुके हैं। ऐसे में मार्च से अब तक खिलाड़ियों का लगातार अभ्यास प्रभावित हो रहा है। जिमनास्टिक के खिलाड़ी कुश्ती मेट पर खुले में अभ्यास करने को मजबूर हैं। अभ्यास बंद होने से 60 खिलाड़ियों ने जिमनास्टिक खेल खेलना छोड़ दिया है। जिमनास्टिक कोच विक्रम की मानें तो पिछले साल स्टेट खेल महाकुंभ में खिलाड़ियों ने चार पदक हासिल किए थे, लेकिन इस बार कोई पॉजिशन नहीं आई।
कोच विक्रम का कहना है कि मार्च से पहले उनके पास महाबीर स्टेडियम में 100 खिलाड़ी अभ्यास करने आते थे। अब मात्र 30 से 35 खिलाड़ी ही अभ्यास कर रहे हैं। इतना ही नहीं, जिमास्टिक की सिर्फ दो ही इवेंट की प्रैक्टिस हो रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि खिलाड़ी कैसे पदक जीत पाएंगे। खिलाड़ियाें का कहना है कि हॉल खाली करवाने से पहले खेल विभाग को कही दूरी जगह अभ्यास की व्यवस्था करनी चाहिए। वहीं, खिलाड़ियों ने सिर्फ अभ्यास के लिए दो मशीन ही खुले में रखी हुई हैं। जबकि लड़कियां तो जरनल एक्सरसाइज ही कर पाती हैं। जिमनास्टिक का अन्य सामान हॉल के अंदर खोलकर रखा हुआ है।
जिमनास्टिक में लड़कों के ये इवेंट हो रहे प्रभावित
पोमेल हॉर्स, वॉलटिंग टेबल, फ्लॉर एक्सरसाइज, रोमन रिंग, होरीजंटल बार
-
लड़कियों के अनइवन बार, वैलेस बीम का अभ्यास बंद है।
हॉल खाली करवाने के बाद खिलाड़ियों की प्रैक्टिस बाधित हो रही है। 60 से ज्यादा खिलाड़ियों ने गेम तक छोड़ दिया है। अभ्यास प्रभावित होने के कारण स्टेट खेल महाकुंभ में खिलाड़ियों के पदक भी नहीं आ पाए। खुले में किसी न किसी तरह खिलाड़ियों को अभ्यास करवा रहे हैं।
- विक्रम, कोच, जिमनास्टिक
मैं छह साल से अभ्यास कर रहा हूं। पिछले साल स्कूली नेशनल चैंपियनशिप में चौथा स्थान हासिल किया था। स्कूली स्टेट में एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीत चुका हूं। मगर हॉल खाली करवाने के बाद ठीक ढंग से अभ्यास नहीं हो पा रहा है। थोड़ी बहुत सामान्य ही प्रैक्टिस हो पाती है। - लोकश, खिलाड़ी
जिमनास्टिक का सामान हॉल के अंदर रखा हुआ है। ऐसे में रोजाना एक ही तरह की प्रैक्टिस हो पाती है। अन्य इवेंट का अभ्यास प्रभावित हो रहा है। ऐसे में कैसे पदक जीत पाएंगे। खेल विभाग के अधिकारियों को ध्यान देने की जरूरत है। मैं ढाई साल से महाबीर स्टेडियम में अभ्यास कर रहा हूं। - युवांश, खिलाड़ी