हिसार। कैंट के पास प्रॉपर्टी डीलर से 2 लाख रुपये लूटने मामले के आरोपियों का रिमांड पूरा होने के बाद उन्हें रविवार को अदलत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल, एक कुल्हाड़ी व डंडे बरामद किए। हालांकि इस मामले में अभी मुख्य आरोपी शमशेर उर्फ लालू की पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस प्रवक्ता विकास के अनुसार, हांसी जिले के ढाणी बुखारी निवासी व प्रॉपर्टी डीलर शमशेर ने बताया कि बुधवार शाम करीब 7 बजे वह हिसार की अनाज मंडी में भाई सुनील व सुशील के कार्यालय में गया था जहां उसका दोस्त पवन भी था। वहां उसने 2 लाख रुपये लिए। इसके बाद वह सेक्टर 1-4 में फ्लैट के केयरटेकर को सामान देने चला गया। वहां केयरटेकर ने उसे बताया कि आपको 8-10 युवक पूछ रहे थे। इसके बाद वह गांव की तरफ चल दिया। जब कैंट के पास पहुंचा तो दो गाड़ी उसके सामने आकर रुकी। गाड़ी से पड़ाव निवासी शमशेर अपने साथियों के साथ उतरा।
इसके बाद शमशेर ने उस पर पिस्तौल तान दी और कहा कि शहर में काम करना है तो उसे हर माह रुपये देने होंगे। जब उसने मना किया तो उसने गाड़ी में रखे दो लाख रुपये उठा लिए। फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। जाते हुए आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में पुलिस ने बीड़ बबरान निवासी राजविन्द्र उर्फ रवि, भारत नगर निवासी विकास उर्फ मंसूरी, गांव ठसका निवासी सोमबीर उर्फ हांडी व रवि उर्फ लाडू, मंगाली अखलान निवासी प्रतीक और पड़ाव चौक यादव मोहल्ला निवासी मयंक उर्फ पुंची को गिरफ्तार किया था।