हांसी। अब सामान्य ऑपरेशन से लेकर सिजेरियन प्रसव और हड्डियों की सर्जरी तक के लिए मरीजों को बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ रही है। जिला नागरिक अस्पताल में अक्तूबर से 23 नवंबर तक 51 बड़े और छोटे ऑपरेशन किए जा चुके हैं।
इनमें 29 प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग, 17 जनरल सर्जरी और पांच हड्डी रोग विभाग में हुए हैं। नवंबर में ऑपरेशन की रफ्तार भी बढ़ी है। अक्तूबर में 18 ऑपरेशन हुए थे जबकि नवंबर के 23 दिनों में ही 33 मरीजों की सर्जरी की जा चुकी है।
अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के नियमित संचालन से मरीजों को अपने क्षेत्र में ही शल्य चिकित्सा की सुविधा मिल रही है। इससे उपचार के लिए बड़े शहरों के अस्पतालों में जाने की जरूरत कम हो रही है।
सिविल सर्जन डॉ. राहुल बुद्धिराजा ने बताया कि अस्पताल में उपलब्ध सेवाओं का लाभ हांसी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को मिल रहा है। प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में अक्तूबर से 23 नवंबर तक 29 ऑपरेशन किए गए। इनमें 24 सिजेरियन प्रसव, सिजेरियन प्रसव के साथ नसबंदी के दो और नसबंदी के तीन अन्य ऑपरेशन शामिल हैं। इससे गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित संस्थागत प्रसव और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल रही हैं।
जनरल सर्जरी विभाग में आठ बड़े और नौ छोटे ऑपरेशन किए गए। हड्डी रोग विभाग में पांच सफल ऑपरेशन हुए। अस्पताल में ऑपरेशन सेवाओं के प्रति मरीजों का रुझान भी बढ़ा है। अक्तूबर में 18 ऑपरेशन किए गए थे जबकि नवंबर में 23 तारीख तक ही 33 ऑपरेशन हो चुके हैं। यह विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के नियमित संचालन और चिकित्सकीय टीमों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
डीसी राहुल नरवाल ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और नागरिकों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध करवाने पर जोर दिया है। इसी दिशा में अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और विशेषज्ञ सेवाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
:::::::::::::::::
हमारा प्रयास है कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा एवं शल्य चिकित्सा सुविधाएं जिले में ही मिलें ताकि उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों में न जाना पड़े। आमजन अस्पताल में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और अन्य चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाए।
डॉ. राहुल बुद्धिराजा, सिविल सर्जन, नागरिक अस्पताल