हिसार। शहर के ऋषि नगर विश्वकर्मा मंदिर के सामने सीवर का पानी बरसाती नाले में डालने की समस्या का समाधान न होने पर बुधवार शाम को लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने जनस्वास्थ्य विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वीरवार को इस समस्या का समाधान नहीं होता है तो वह रोड जाम करने को मजबूर होंगे।
बता दें कि श्मशान घाट रोड से जनस्वास्थ्य विभाग की 40 इंच की सीवर लाइन ऋषि नगर सीवर ट्रीटमेंट प्लांट तक जाती है। पिछले सप्ताह श्मशान घाट रोड पर दो मैनहोल के बीच में यह लाइन अचानक क्षतिग्रस्त हो गई। चूंकि वार्ड 1 से 9 तक का सीवर का पानी इसी लाइन से एसटीपी तक जाता है। ऐसे में लाइन क्षतिग्रस्त होने से वार्डों में दिक्कत न आए, इसे देखते हुए विभाग ने 7 अप्रैल को ट्रैक्टर के माध्यम से गंदा पानी खुले बरसाती नाले में डालना शुरू कर दिया था। इससे आसपास के एरिया में बदूब फैल गई। लोगों ने जब इसका विरोध किया तो जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने 10 अप्रैल तक इसे लेकर वैकल्पिक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया था। मगर जब बुधवार तक अधिकारियों ने कोई व्यवस्था नहीं की तो लोगों को फिर से प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
यह बोले लोग
इस अवसर पर पार्षद टीनू जैन, भूप सिंह सोनी, भीम सिंह महेशवाल, पवन बिश्नोई, करतार सिंह, एडवोकेट धर्मपाल शर्मा, महेंद्र सिंह जांगड़ा, वेद प्रकाश, गोपी राम, गिरधारी लाल, महावीर सैनी ने कहा कि खुले बरसाती नाले में सीवर का पानी डालने से पूरे एरिया में बदबू फैल गई है। लोगों का सांस लेना दूभर हो गया है। नियमानुसार बरसाती नाले में सीवर का पानी नहीं डाल सकते हैं। इससे पहले भी एसडीओ व जेई को मौके पर बुलाकर शिकायत की गई थी। उन्होंने इसका समाधान 3 दिन में करने आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक इसका कोई समाधान नहीं किया।
मौके पर पाइप व मोटर पहुंचा दी गई है। वीरवार को वैकल्पिक व्यवस्था कर दी जाएगी।
- जसबीर, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग