हांसी। रविवार शाम जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष लोगों ने अपनी परेशानियां खुलकर रखीं। निरीक्षण के दौरान एसडी कॉलेज रोड, अनीपुरा व अन्य क्षेत्रों के लोगों ने जलभराव से हुए नुकसान के लिए सरकार से सहायता की गुहार लगाई।
व्यापारी अतुल कुकड़ेजा ने बताया कि दुकान में पानी घुसने से उन्हें लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आर्थिक मदद की मांग की। एसडी कॉलेज मार्केट एसोसिएशन के प्रधान अजय सैनी ने दुकानों का किराया बढ़ाए जाने का मुद्दा उठाया, जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायत लिखित में दें, उस पर विचार किया जाएगा।
अनीपुरा गांव के ग्रामीणों ने पानी की निकासी के लिए मोटर न मिलने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं, सोमवार को गांव में मोटर लग जाएगी। इस दौरान एसडीएम ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए चार नई ड्रेन बनाने की योजना प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले प्रशासन ने शहर के हाईवे पर लगे राजनीतिक होर्डिंग्स हटवाए, जिनमें कांग्रेस नेताओं के पोस्टर भी शामिल थे। वहीं पुराना कचहरी चौक पर लगा फव्वारा भी सक्रिय कर दिया गया।