हिसार। कोरोना से संक्रमित मरीजों ने भले ही कोरोना को मात दी है लेकिन अब वे कई परेशानियों से दो-चार हो रहे हैं। किसी को थकान रहती है तो कोई रात को सो नहीं पा रहा है। कमजोरी के साथ-साथ बदन दर्द की समस्या से पोस्ट कोविड मरीजों को जूझना पड़ रहा है। मरीजों को राहत देने के लिए स्वास्थ्य विभाग काउंसिलिंग कर समस्याओं का समाधान कर रहा है।
कोरोना की पहली लहर के दौरान जिले में 17147 मरीज संक्रमित हुए। जिसमें 328 मरीजों की मौत हुई। दूसरी लहर में 36855 मरीज संक्रमित हुए, 814 की मौत हुई। तीसरी लहर में अब तक 7281 मरीज संक्रमित हो चुके हैं और 29 लोगों की मौत हो चुकी है। पहली लहर से अब तक 61283 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें अब तक 60113 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।
काउंसिलिंग के लिए बनाई उमंग ओपीडी
पोस्ट कोविड मरीजों के लिए उमंग ओपीडी बनाई गई। इसमें मरीजों हिदायतें दी जाती है। वहीं अब तीसरी लहर में रोजाना फोन पर 30 से 40 मरीजों की काउंसिलिग की जाती है। खास बात यह है कि इसमें मरीज के पूरे परिवार की काउंसिलिंग की जाती है। ओपीडी में भी रोजाना 3 से 4 पोस्ट कोविड मरीज काउंसिलिंग के लिए आ रहे हैं। ऐसे मरीजों का उमंग ओपीडी कार्ड बनाया जा रहा है। इसमें मरीज को सभी तरह की हिदायतें लिखित रूप में दी जाती है। तीसरी लहर में जहां सैंपलिंग के दौरान मरीजो में हल्के लक्षण देखने को मिले। पोस्ट कोविड मरीज उमंग ओपीडी में इलाज ले रहे हैं।
समस्याएं
- नींद न आना
- बदन दर्द
- थकान महसूस होना
- कमजोरी आना
- मासंपेशियों में जकड़ होना
हिदायत
- गर्म पानी का ज्यादा सेवन करें
- तरल प्रदार्थों का सेवन करें
- नारियल पानी ज्यादा पिए
- फल व पौष्टिक आहार लें।
- नियमित तौर पर व्यायाम करें
- रिलेक्स होने के लिए एक्साइज करें
- गहरी सांस लें
- समय पर चिकित्सक से परामर्श लें।
मरीजों को किसी भी तरह की समस्या लगे तो वह उंमग ओपीडी में अपना इलाज करवा सकते हैं। जहां पोस्ट कोविड मरीजों की काउंसिलिंग कर उनका इलाज किया जा रहा है। मरीज में मिलने वाले लक्षणों को देखकर उन्हें दवाइयों के साथ-साथ कुछ एक्साइज बताई जाती हैं। इस तरह की समस्याएं कोरोना के दौरान अकेले रहने के कारण से हो सकती है। - डॉ पूनम दहिया, मनोरोग विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल हिसार