पासपोर्ट बनवाने के लिए 14-15 जनवरी आपके लिए सबसे बेहतर मौका होगा। चंडीगढ़ का रीजनल पासपोर्ट कार्यालय खुद हिसार आकर दो दिवसीय पासपोर्ट मेले का आयोजन करेगा। इसके लिए आपको 11 जनवरी को 11 बजे ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
रीजनल पासपोर्ट ऑफिसर राकेश अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय चंडीगढ़ की ओर से हिसार के बीडीपीओ कार्यालय में पासपोर्ट बनाने के लिए दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार की पहल पर पासपोर्ट कार्यालय ने निर्णय लिया है कि लोगों को उनके घर द्वार पर जाकर पासपोर्ट सुविधा मुहैया करवाई जाए। पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को अंबाला व चंडीगढ़ जाना पड़ता था। इससे अतिरिक्त समय व धन खर्च होता था। इसी को ध्यान में रखते हुए पासपोर्ट कार्यालय ने हिसार में मेला लगाने का निर्णय लिया है। इस मेले में नये व नवीनीकरण संबंधी पासपोर्ट दोनों के बारे में सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे पहले जिला भिवानी में भी मेले का आयोजन किया जा चुका है। इसी कड़ी में यह दो दिवसीय मेला विशेषकर जिला हिसार के लिए लगाया जाएगा। हरियाणा में हर साल करीब डेढ़ लाख पासपोर्ट बनते हैं। हिसार में हर साल करीब 8 हजार लोग पासपोर्ट बनवाते हैं। सबसे अधिक पासपोर्ट गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला जिले से बनते हैं। चंडीगढ़ के अंतर्गत प्रदेश के 12 जिले आते हैं। एनसीआर के 6 जिले दिल्ली के अंतर्गत आते हैं।
केवल 20 मिनट में करना होगा आवेदन
पासपोर्ट विभाग की वेबसाइट पर क्लिक करना होगा, जिसमें 11 तारीख को 11 बजे से चंडीगढ़ के साथ हिसार का ऑप्शन दिखेगा। यह ऑप्शन केवल 20 मिनट के लिए दिखेगा। इस तय समय में ही आपको अप्वाइंटमेंट बुक कर आवेदन करना होगा। ऐसा नहीं कर पाए तो आप पासपोर्ट मेले में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
कितनी देनी होगी फीस
15 साल तक के बच्चे के लिए - 1000 रुपये
अन्य सभी आयु वर्ग के लिए - 1500 रुपये
तत्काल पासपोर्ट के लिए फीस - 3500 रुपये
आवेदनकर्ता को अब केवल एक स्वयं सत्यापित शपथ पत्र देना होगा
जन्म तिथि के सबूत के लिए चाहिए
जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, दसवीं का प्रमाणपत्र, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों की पॉलिसी, सरकारी सेवा संबंधी सर्विस रिकॉर्ड
यह साथ लेकर आएं
आवदेक को पासपोर्ट मेले में आने के समय अप्वाइमेंट रिसिप्ट का प्रिंट, एसबीआई में जमा कराई गई फीस के चालान की प्रति, सभी ओरिजनल डाक्यूमेंट लेकर आना होगा। पासपोर्ट मेला सुबह 9 बजे से शुरू होगा। इसके अलावा कलर फोटो जिसमें बैक ग्राउंड ब्लैक एंड व्हाइट हो साथ लेकर आएं।
500 पासपोर्ट बनाने का लक्ष्य
पासपोर्ट मेले में 500 के लगभग पासपोर्ट बनाए जाने का लक्ष्य है। अगर संख्या बहुत अधिक हुई तो हिसार में दोबारा से मेला लगाया जाएगा। बता दें कि हिसार में हर साल करीब 8 हजार लोग पासपोर्ट बनवाते हैं।
पुराने पासपोर्ट में भी बदलाव का मौका
अगर किसी के पासपोर्ट में कोई बदलाव कराना चाहते हैं तो भी यहां मौका मिलेगा। ऐसे लोग पासपोर्ट मेले में आकर अपने प्रमाण देंगे, जिसके बाद विभाग की ओर से पासपोर्ट पता बदलना, नाम बदलना या अन्य बदलाव करना होगा।
सांसद ने किए प्रयास
सांसद दुष्यंत चौटाला ने बताया कि हिसार शहर में रीजनल पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलवाने के लिए वह पिछले काफी समय से प्रयासरत हैं। उन्होंने यह मामला लोकसभा में भी उठाया था कि हिसार के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए चंडीगढ़ एवं अंबाला जाना पड़ता है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री एवं विभाग को पत्र भी लिखा था। सांसद ने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह से मंगलवार को भी बात की थी।
एयरपोर्ट की संभावनाओं के बाद मौका
हिसार में इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रस्तावित है। ऐसे में यहां के लोगों के पास पासपोर्ट बनवाने के लिए यह बेहतर मौका होगा। हिसार में तीन यूनिवर्सिटी, केंद्रीय अश्व केंद्र, केंद्रीय भेड़ फार्म, आर्मी कैंट, स्टील इंडस्ट्रीज, बीएसएफ छावनी होने के कारण हिसार के लोगों का कई देशों में आना जाना रहता है।
14 लोगों की टीम आएगी
चंडीगढ़ व अंबाला से 14 लोगों की स्पेशल टीम हिसार पहुंचेगी। जो लघु सचिवालय के पिछले हिस्से में बने बीडीपीओ ऑफिस में अलग-अलग स्टाल लगाकर बैठेंगे। यह टीम अपने साथ पूरे कागजात लेकर आएगी। कैमरा मशीन, फिंगर प्रिंट मशीन भी यहां रहेंगी, जिसमें कुछ मिनटों में ही आपका मौके पर ही वेरिफिकेशन हो जाएगा।