शहर में में कार फ्री डे को लेकर जनप्रतिनिधियों व शहर की आम जनता का लगातार पॉजिटिव रिस्पांस आ रहा है। शहर के 20 पार्षदों ने तो महीने में एक दिन कार फ्री डे निर्धारण करने की बजाए सप्ताह में हर मंगलवार शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने की मुहिम पर हां में मुहर लगाई है। शहर के सभी पार्षदों ने प्रशासन का इस मुहिम में पूरा सहयोग किए जाने की बात कही है। इतना ही नहीं कुछ पार्षदों ने तो अपने स्तर पर वार्ड में आम जनता के साथ मीटिंग कर उन्हें कार फ्री डे के फायदे व इसे न लागू करने के नुकसान के बारे में समझाने की बात भी कही है।
हर रोज सैकड़ों लोग भेज रहे मैसेज
पुलिस द्वारा जारी किए गए नंबर पर बुधवार को भी सैकड़ों लोगों ने मैसेज व व्हाट्स एप पर संदेश भेजें है। इनमें कार फ्री डे को लेकर सभी की हां है। इस हां के साथ हर कोई अपने अपने सुझाव भी भेज रहे हैं।
सीएफडी यस या नो लिखकर करें मैसेज या व्हाट्स एप
ट्रैफिक पुलिस ने शहर की जनता का फीडबैक लेने के लिए आरएसओ का मोबाइल फोन नंबर 8813869989 जारी किया है। इस नंबर पर शहरवासी मैसेज या व्हाट्स ऐप मैसेज कर सकते हैं। इसके लिए सीएफडी (कार फ्री डे) हां चाहने वाले यस और नहीं चाहने वाले नो लिखकर फीडबैक दे सकते हैं।
शहर की सरकार की राय
- अनिल जैन - मैं पुरजोर समर्थन करता हूं, यह सबके हित में है।
- रेखा सैनी - हां शहर व शहरवासियों के लिए यह बड़ा अच्छा होगा।
- शालू दीवान- यह अच्छी पहल है इसे लागू करने में कोई बुराई है। ऑड व ईवन का फार्मूला भी अच्छा है।
- मानसिंह चौहान - स्वास्थ्य के लिए अच्छा रहेगा शहर प्रदूषण मुक्त होगा।
- अनीता रानी - प्रशासन इसे लागू करे, सभी अधिकारी व कर्मचारी साइकिल अपनाएं।
- मास्टर प्रह्लाद - महीने में कम से एक दिन तो जरूर कार फ्री डे लागू होना चाहिए।
- अजीत सिंह - मेरी अपील अफसरों से इस सिस्टम को अपनाने की है। आम जनता को इस सिस्टम से कोई परहेज नहीं।
- राजपाल मांडू - कार फ्री डे को लेकर जनता तैयार है। प्रशासन जल्द लागू करे।
- डॉ. महेंद्र जुनेजा - मैं तो ये कहूंगा कि सप्ताह के हर मंगलवार को कोई भी शहरवासी कार लेकर ही न निकले।
- प्रीतम सैनी - सप्ताह में एक दिन जरूर इसे लागू करे तो बेहतर होगा।
- चंद्रपति ढांढा - जनप्रतिनिधियों का पूरा सहयोग रहेगा, प्रशासन इसे बेझिझक लागू करे।
- सरोज खटाणा - कार फ्री डे हर हाल में लागू हो। शहर की जनता प्रशासन का सहयोग करेगी।
- कर्मबीर ढिल्लो - कार फ्री डे हमारे लिए व आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद अच्छा है। इससे पर्यावरण भी शुद्ध रहेगा।
- नरेंद्र शर्मा - चाहें जज हो या प्रशासनिक अधिकारी कम से कम सप्ताह में या महीने में एक दिन तो कार छोड़े। जनता इसके सहयोग के लिए तैयार हैं।