हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की 119वीं जयंती के उपलक्ष्य में वीरवार को किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय बतौर मुख्यातिथि इंदिरा गांधी सभागार में शिरकत करेंगे। समारोह में हिसार के आदमपुर की महिला परमेश्वरी देवी को किसान रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश की 19 प्रगतिशील महिला किसानों को भी सम्मातिन किया जाएगा। कुलपति प्रो. बीआर कांबोज ने बताया कि इस दौरान कृषि क्षेत्र और उससे संबंधित विभिन्न व्यवसायों व अन्य उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदेश की 19 प्रगतिशील महिला किसानों का चयन किया गया है, जिन्हें
किसान दिवस के उपलक्ष्य में सम्मानित किया जाएगा।
कुलपति ने बताया कि रोहतक जिले के गांव इस्माइला से कमलेश, भिवानी जिले के गांव गोपालवास से मुकेश, पानीपत के बाल जाटान से ममता, यमुनानगर के अलखगढ़ से नीरजा चौहान, अंबाला के नंगल राजपूताना से मीना कुमारी, बावल के किशनपुर से मनीषा, फतेहाबाद के बंदोरी से सरला, यमुनानगर के अलखगढ़ से रेखा, सिरसा के अरनियांवाली से सुनीता, महेंद्रगढ़ के बुडीन से उर्मिला, कैथल के कालाशर से पूजा आर्य, फरीदाबाद के बड़ोली से सरोज, झज्जर के ढाकला से पिंकी, करनाल के कंबोपुर से कविता, कुरुक्षेत्र के भौर सायंदा से कमरजीत कौर, सोनीपत के खन्ना कॉलोनी से सुनीता आहुजा, जींद के निडाना से कमलेश, पलवल के हथीन से सुनीता रानी और हिसार के आदमपुर से परमेश्वरी को सम्मानित किया जाएगा।
कभी स्कूल नहीं गईं पर खेती में अव्वल
आदमपुर निवासी 65 वर्षीय परमेश्वरी देवी 40 साल से खेती कर रही हैं। इसमें उन्होंने नरमा, कपास, ग्वार, सरसों की खेती की खेती बेहतर तरीके से की है। परमेश्वरी देवी ने बताया कि वह कभी स्कूल नहीं गई। किसान परिवार से होने के कारण बचपन से ही खेती के काम में जुड़ी हैं। खेती और पशुपालन से अपना परिवार चलाना शुरू किया था। खेतों में गोबर की खाद का उपयोग कर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देती हैं। जिससे फसल अच्छी होने के साथ स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक हो।