स्थानीय पंचायत भवन में पंचायत चुनाव की फाइनल रिहर्सल हुई। इसके बाद 213 पोलिंग पार्टियों को अपने-अपने स्थानों के लिए रवाना किया गया।
इस पहले हिसार प्रथम खंड के रिटर्निंग अधिकारी अशोक कुमार बंसल ने कहा कि सभी टीम भावना के साथ ग्राम पंचायत के चुनावों को संपन्न करवाने में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि गांवों में ग्रामीणों को चुनाव बारे शिकायत का कोई मौका न दें। उन्होंने कहा कि मतदान शुरू करने से पूर्व मॉकपोल अवश्य करें। कोई समस्या आती है तो तुरंत सेक्टर ऑफिसर, ड्यूटी मजिस्ट्रेट को फोन पर सूचित कर दें। सूचना के तुरंत बाद ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच जाएगी।
मतदान केंद्र के अंदर किसी भी चुनाव एजेंट को मोबाइल फोन न ले जाने दें। मतदान के समापन समय सायं 4 बजे बूथ पर लाइन लगी है तो सबसे पहले मुख्य द्वार बंद करवाएं।
इसके बाद लाइन में लगे अंतिम सदस्य की पर्ची पर सीरियल नंबर एक लिखकर अपने हस्ताक्षर करें। पंच व सरपंच पदों के मतों की गिनती कर चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद गांवों से अपनी पूरी टीम के साथ प्रस्थान करें।
फाइनल रिहर्सल के अवसर पर रिटर्निंग अधिकारी सरजीत नैन, हिसार प्रथम खंड के बीडीपीओ प्रीतपाल सिंह, द्वितीय खंड के बीडीपीओ रमेश कुमार, हिसार प्रथम खंड के सहायक रिटर्निंग अधिकारी तहसीलदार कम डिप्टी कंट्रोलर सिविल डिफेंस साहब राम, हिसार द्वितीय खंड के सहायक रिटर्निंग अधिकारी कम तहसीलदार राजेंद्र कुमार भी उपस्थित थे।