फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजगुरू मार्केट में पेड पार्किंग शुरू

Wed, 18 Nov 2015 02:02 AM IST
अमर उजाला हिसार/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
राजगुरु मार्केट में मंगलवार से पेड पार्किंग शुरू हो गई। पहले दिन करीब 550 से अधिक वाहन चालकों ने शुल्क देकर पार्किंग की। एसडीएम अशोक बंसल ने राजगुरु मार्केट का मुआयना कर मार्केट एसोसिएशन से उनकी दिक्कतें पूछी।
विज्ञापन


निगम ने 30 अक्तूबर को राजगुरु मार्केट में पेड पार्किंग के लिए टेंडर दिया था। करीब 17 दिन बाद मंगलवार को राजगुरु मार्केट में पेड पार्किंग शुरू की गई।

तय नियमों के अनुसार ठेकेदार की ओर से पार्किंग स्थल के लिए पक्की लाइनिंग नहीं हो सकी। ठेकेदार के कर्मचारियों के पास वर्दी तथा आईकार्ड भी नहीं थे। दुकानदारों को अब तक पास भी जारी नहीं किए जा सके हैं।

पार्किंग की पर्ची के जरिए वाहन चालकों से शुल्क वसूला गया। कुछ अव्यवस्थाओं के बीच मंगलवार को पेड पार्किंग रात तक चली। पार्किंग शुल्क लेने के बाद ठेकेदार के कारिंदे वाहनों को पार्किंग स्थल पर खड़ा कराते रहे।
विज्ञापन


पहले दिन ठेकेदार पर क्रेन की सुविधा न होने के कारण अवैध तौर पर खड़े गए वाहनों को हटाया नहीं जा सका। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे एसडीएम अशोक बंसल व्यवस्था को जांचने पहुंचे।

ठेकेदार अनिल तथा मार्केट एसोसिएशन के प्रधान सदानंद कामरा के साथ पूरी मार्केट का मुआयना किया।

नहीं मिला निगम और पुलिस का सहयोग
ठेकेदार अनिल श्योराण ने कहा कि प्रशासन के आदेश के बाद भी निगम के अधिकारी दोपहर बाद नहीं आए। निगम के कर्मचारियों की ओर से सहयोग नहीं मिला।

मार्केट की सबसे मशहूर दुकान के आगे पांच फीट का अतिक्रमण को नहीं हटाया जा रहा। शाम के समय कुछ रेहड़ी भी मार्केट में घुस आईं।

ट्रैफिक पुलिस भी हमारे सहयोग के लिए नहीं आई। जो पुलिस टीम सुबह के समय आई थी वह भी गायब हो गई। मार्केट एसोसिएशन का बेहद सकारात्मक सहयोग रहा।

पुलिस ने लगाए नाके
पार्किंग के पहले दिन सुबह के समय पुलिस ने नागोरी गेट, आर्य बाजार मार्केट गेट, वकील गारमेंट तथा तेलियान पुल के पास नाके लगाए।

पुलिस की एक पीसीआर दिन भर मार्केट में तैनात रही। दोपहर बाद पूरी पुलिस टीम गायब हो गई। ट्रैफिक पुलिस का कोई कर्मचारी मार्केट में नहीं आया।

नाका लगाकर शुल्क वसूला
पेड पार्किंग के शुरू होते ही ठेकेदार के कर्मचारियों ने नागोरी गेट पर नाका लगा दिया। यहां से घुसने वाले वाहनों से पार्किंग शुल्क लेना शुरू कर दिया।

दुकानदारों तथा वाहन चालकों ने इसका विरोध किया। जिसके बाद ठेकेदार ने यहां से नाका हटाकर पार्किंग शुल्क वसूलना बंद किया।

खुुला-खुला नजर आया बाजार
आम तौर पर ठसाठस दिखाई देने वाला राजगुरु मार्केट पहली बार कुछ स्थानों पर खुला-खुला नजर आया। हालांकि कुछ स्थानों पर अतिक्रमण होने से जाम लगा रहा।

अभी तो राहत दिख रही है। एक सप्ताह बाद सही पता लगेगा। ठेकेदार का व्यवहार बहुत मायने रखेगा। सिक्योरटी गार्ड तथा क्रेन का प्रबंध करना जरूरी है। इसके बाद ही मार्केट में पार्किंग सही तरीके से चल सकेगी।
प्रदीप सचदेवा, दुकानदार राजगुरु मार्केट

इससे तो पूरी व्यवस्था ही बिगड़ गई। पहले ग्राहक दुकान से दूर वाहन खड़ा करते थे। दस रुपये देकर ग्राहक मेरी दुकान के गेट पर कार खड़ी कर गया। मेरी दुकानदारी ठप हो गई। पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े हों।
राजू, दुकानदार राजगुरु मार्केट

आज तो बेहद अच्छा लग रहा है । इतने अच्छे तरीके से वाहन खड़े हैं। मार्केट में आज दिन भर जाम नहीं लगा। मार्केट में से रेहड़ी दूर रहेंगी तो हर किसी को फायदा मिलेगा। हम इस व्यवस्था को पूरी तरह से सहयोग देंगे।
- मोनू बजाज, दुकानदार राजगुरु मार्केट

पार्किंग का यह प्रयोग पहले दिन बेहद सफल रहा। दिन भर मार्केट में जाम नहीं लगा। सभी दुकानदार सहयोग कर रहे हैं। ठेकेदार के साथ मिलकर हम खुद अतिक्रमण हटवा रहे हैं। मार्केट में वाहन खड़ा करने के लिए पूरी जगह मिली। जल्द ही यह व्यवस्था हर किसी को पंसद आएगी।
विज्ञापन

- सदानंद कामरा, प्रधान राजगुरु मार्केट हिसार
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें