शहर के सेक्टर 27-28 स्थित दो निजी ऑक्सीजन प्लांट पर मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने जांच की। इस दौरान टीम ने काफी देर तक प्लांट में जांच पड़ताल की। अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक व्यवस्थाओं के बारे में जायजा लिया। प्लांट में आपूर्ति के रिकॉर्ड को भी जांचा।
इसके अलावा प्लांट से ऑक्सीजन की आपूर्ति एवं खपत को लेकर पूछताछ की और कुछ देर तक ऑक्सीजन सप्लाई करने की व्यवस्था के बारे में भी जाना कि किस तरह अस्पतालों और मरीजों को ऑक्सीजन सप्लाई की जा रही है। करीब एक घंटे बाद उड़नदस्ता प्लांट से बाहर निकली। उस दौरान टीम सदस्य बोले कि फिलहाल स्थिति ठीक है। हमारी जांच चल रही है। टीम सदस्यों ने कहा कई जगह पर ऑक्सीजन सिलिंडर भरवाने को लेकर काफी रुपये लिए जा रहे हैं। इसलिए इसकी जांच पड़ताल के लिए हम यहां आए थे। दोनों ऑक्सीजन प्लांट में जांच की गई है। अभी तो ऐसा कुछ सुराग नहीं लगा है।