हांसी। गांव दयाल सिंह कॉलोनी में नाले की सफाई न होने से गंदा पानी सड़कों पर फैला है, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दो दिन पहले शुक्रवार को एक ई-रिक्शा पलटने से छह लोग नाले में गिर गए, जिसमें दो महिलाएं भी शामिल थीं। नाले के ओवरफ्लो होने से बदबू आती है, जिससे सांस लेना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि नाले का पानी ओवरफ्लो होने की वजह से अक्सर ऐसी घटनाएं घटित हो रही हैं। इससे सड़कों पर गंदा पानी जमा हो जाता है, जिसके कारण हादसों का खतरा बढ़ जाता है। कई लोग इस गंदे पानी में गिरकर घायल हो चुके हैं। गांव में सीवरेज की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण सारे गंदे पानी का निस्तारण नाले में हो रहा है। इसके साथ ही, बरसाती पानी भी नाले में एकत्रित होता है, जिससे ओवरफ्लो की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
यहां पर 82 लाख रुपये से एचडीईपी पाइप डाल कर नया नाला बनाने का टेंडर अलॉट हुआ था, लेकिन ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया। अब नए सिरे से टेंडर लगाया गया है। जल्दी ही नया नाला बनवाया जाएगा। गांव सीवरेज लाइन नहीं है। निजी कर्मचारी को अपने खर्च पर लगाकर नाले की सफाई कराते हैं। - श्याम खांडा, सरपंच, दयाल सिंह कॉलोनी
पहले तो हम मजदूर लगाकर वर्ष में दो बार सफाई करवा देते थे। अब काफी समय से नाले की सफाई नहीं हो रही है। अब जेसीबी से सफाई करवाई गई तो नाला बीच में टूट गया, जिससे समस्या बढ़ गई है।- कृष्ण लुथरा, पूर्व सरपंच
नाले की नियमित सफाई होती तो यह हालत नहीं होते। प्रशासन नाले की नियमित सफाई कराए। कई बार नाले में लोग गिर चुके हैं। - बंटी, ग्रामीण
गांव में पानी की निकासी के उचित प्रबंध नहीं हैं। सरकार को पानी निकासी की व्यवस्था करानी चाहिए। नाला कई जगह से खुला पड़ा है, जिससे हादसों का डर रहता है। साथ ही बदबू से सांस लेना मुश्किल हो रहा है। - श्रीनिवास सैनी, ग्रामीण