घिराय। बहबलपुर-बाडो पट्टी बस स्टैंड के पास सोमवार रात करीब पौने एक बजे स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित हुई रिट्ज कार ने आगे चल रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जेवरा निवासी 24 वर्षीय सुमित की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तरुण, अमन और प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर से कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जेवरा गांव निवासी सुमित, तरुण, अमन और प्रवीण समेत छह-सात युवक एक कार और बाइक से खाटू श्याम जा रहे थे। चारों युवक बाइक पर सवार थे, जबकि रिट्ज कार उनके पीछे चल रही थी। गांव में श्याम बाबा का मंदिर है जहां से वे ध्वजा लेकर खाटू श्याम के लिए निकले थे।
बहबलपुर-बाडो पट्टी बस स्टैंड के पास हाईवे पर बने स्पीड ब्रेकर के नजदीक तेज रफ्तार कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार सड़क पर गिर गए। सुमित के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए।
छह महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी गर्भवती
सुमित अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी करीब छह महीने पहले शादी हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। मंगलवार शाम को गांव के श्मशान घाट में गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों के अनुसार, पढ़ाई पूरी करने के बाद सुमित इलेक्ट्रीशियन का काम करता था।
स्पीड ब्रेकर पर नहीं है सफेद पट्टी
ग्रामीण बलवान ने बताया कि जिस स्पीड ब्रेकर के पास हादसा हुआ, वहां सफेद पट्टी नहीं है। अगर वहां सफेद पट्टी या अन्य संकेतक लगा होता तो हादसा टल सकता था। उन्होंने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर पर जल्द सफेद पट्टी लगाने की मांग की।
पुलिस कर रही मामले की जांच
बरवाला थाना के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर गौतम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को हिसार के सरकारी अस्पताल भेजा गया। हादसे में सुमित की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक जेवरा निवासी एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।