हांसी में प्रदर्शन करते एससी वर्ग से जुड़े संगठनों के सदस्य।
नारनौंद (हिसार)। गांव राखी शाहपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर, भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और सरपंच मनीष कुमार की तस्वीरों पर कालिख पोतने के विरोध में सोमवार को दलित संगठनों और ग्रामीणों ने हांसी लघु सचिवालय में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व अधिवक्ता रजत कल्सन ने किया। प्रदर्शनकारियों ने हरियाणा पुलिस और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शनकारियों ने लघु सचिवालय में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। डीएसपी रविंद्र सांगवान ने ज्ञापन लेने की बात कही, लेकिन प्रदर्शनकारी एसपी से मिलने की मांग पर अड़े रहे। काफी देर बहस के बाद डीएसपी ने अधिवक्ता रजत कल्सन, अधिवक्ता राहुल चावला, सरपंच मनीष कुमार, अधिवक्ता नरेश गुणपाल सहित 10 लोगों के प्रतिनिधिमंडल को एसपी से मिलवाया।
रजत कल्सन ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में गिरफ्तारी नहीं हुई तो मुख्यमंत्री के हांसी आगमन पर उन्हें काले झंडे दिखाएंगे। ग्रामीणों ने शक जताया कि गांव की एक खास बिरादरी के कुछ युवक इस घटना में शामिल हो सकते हैं। पुलिस को गहन जांच करनी चाहिए।
सरपंच मनीष कुमार ने बताया कि 2 मार्च की रात 11 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर डॉ. आंबेडकर, चंद्रशेखर और उनकी तस्वीर पर कालिख पोती। यह घटना सीसीटीवी में कैद हुई। उन्होंने तत्कालीन थाना प्रभारी चंद्रभान को फुटेज के साथ शिकायत दी, लेकिन उन्होंने कहा कि कोई अपराध नहीं बनता।
एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने आश्वासन दिया कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नारनौद थाना प्रभारी चंद्रभान का तबादला कर दिया गया है। जांच डीएसपी रविंद्र सांगवान को सौंपी गई है। जल्द आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।