हिसार। कड़ाके की ठंड में रोडवेज चालक व परिचालकों को बसों में ही रात्रि ठहराव करने के आदेशों को जिला रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने मंगलवार को स्थगित कर दिया है। कर्मचारियों की ओर से आंदोलन की चेतावनी दिए जाने के बाद यह फैसला लिया गया, जिससे रोडवेज कर्मियों ने राहत की सांस ली है।
दरअसल, 30 दिसंबर को जीएम की ओर स आदेश जारी कर ग्रामीण और लोकल रूट पर चलने वाली बसों के चालक-परिचालकों को भी रात्रि ठहराव के निर्देश दिए गए थे। जबकि लंबी दूरी के रूट पर चलने वाली बसों में पहले से ही यह व्यवस्था लागू थी। इन आदेशों का हिसार रोडवेज डिपो की कर्मचारी यूनियन ने विरोध किया और सात जनवरी को आंदोलन व हड़ताल की चेतावनी दी थी। कर्मचारियों के तीखे तेवर देखते हुए रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने अपने आदेश वापस ले लिए।
जीएम के साथ हुई एक घंटे बैठक
मंगलवार को रोडवेज जीएम राहुल मित्तल और रोडवेज कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के बीच करीब एक घंटे तक वार्ता हुई। बैठक में डिपो प्रधान राजकुमार चौहान, अजय दुहन, राजबीर दुहन, शिवकुमार श्योराण, नरेंद्र खरड़, अमित जुगलान, अरुण शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वार्ता के बाद रात्रि ठहराव संबंधी आदेश रद कर दिए गए।
रोडवेज कर्मचारी यूनियन पदाधिकारियों के साथ मंगलवार को हुई वार्ता के बाद यह आदेश रद किए गए हैं। जीएम ने कर्मचारियों की समस्या को समझते हुए यह फैसला लिया है, जिसका हम स्वागत करते हैं। साथ ही अन्य मांगों के शीघ्र समाधान का भी आश्वासन दिया गया है।
- राजकुमार चौहान, प्रधान, रोडवेज यूनियन, हिसार डिपो।