हिसार। प्रदेश में शनिवार को भी भीषण कोहरा छाएगा। इसे लेकर भारतीय मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। इसके साथ ही शनिवार रात को एक मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होगा। इसके असर से 5 व 6 जनवरी को तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी व कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 4 जनवरी को मध्यम श्रेणी, 7 जनवरी को कमजोर व 10 जनवरी को मध्यम श्रेणी का एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। 4 जनवरी की रात सक्रिय होने वाले विक्षोभ से 5 व 6 जनवरी को हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली के उत्तरी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज गति से हवाएं चलने व एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं बाकी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बिखराव वाली बूंदाबांदी और छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना रहेगी। मगर 7 जनवरी से एक बार फिर से तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और फिर से कोहरा, शीतलहर व शीत दिवस की गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा। इसके बाद 10 से 12 जनवरी को प्रदेश के मौसम में फिर से बदलाव होगा।
हाड़ कंपाने वाली ठंड के साथ छाया घना कोहरा
वहीं शुक्रवार को प्रदेशवासियों को हाड़ कंपाने वाली ठंड के साथ भीषण कोहरे का भी सामना करना पड़ा, जिससे दृश्यता घटकर 100 मीटर तक पहुंच गई। इस दौरान औसत अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री और औसत न्यूनतम तापमान 1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
यह रहा तापमान
जिला-अधिकतम-न्यूनतम
अंबाला-15.1-10.1
हिसार-12.6-2.5
करनाल-14.6-9.4
नारनौल-15.4-4.2
रोहतक-16.7-9.2
सिरसा-18.6-6.2