हिसार। शहर में रविवार को दिन भर उमस का माहौल रहा। इससे लोगों का काफी परेशानी झेलनी पड़ी। शाम करीब सात बजे धूल भरी हवा से चलने से लोगों को उमस से कुछ राहत मिली। हालांकि शाम तक बारिश की उम्मीद जताई जा रही थी जो पूरी नहीं हो सकी।
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश के पश्चिमी व दक्षिणी जिलों में तेज हवा के साथ बारिश भी हुई। 23 जून तक इसका असर रहेगा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि सुबह महेंद्रगढ़ और दोपहर बाद रेवाड़ी, चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक व गुरुग्राम जिलों में बिखराव वाली हल्की बारिश हुई।
24 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में बारिश होगी। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी और पश्चिमी दक्षिणी हवाओं से उमस भरी पसीने वाली गर्मी से रूबरू होना पड़ेगा। हालांकि 28 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश में फिर से प्री मानसून की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।