एससी को मांगों का ज्ञापन सौंपते पार्षद।
- फोटो : Hisar
बिजली बिल के साथ सिक्योरिटी के नाम पर अतिरिक्त राशि लेने के विरोध में पार्षदों और शहरवासियों ने प्रदर्शन किया। वे लोग बिजली निगम के एमडी को ज्ञापन देने जा रहे थे तो निगम कार्यालय के गेट को बंद करके ताला लगा लिया। इसको लेकर विवाद बढ़ गया। मामले अनुसार सिक्योरिटी के नाम पर अतिरिक्त राशि के विरोध में सूर्य नगर, शिव कॉलोनी, क्रांति नगर, छोटूराम कॉलोनी सहित कई अन्य क्षेत्रों के लोग एकजुट हो गए। ये लोग वार्ड-12 के पार्षद जगमोहन मित्तल, पार्षद प्रतिनिधि राजू, पार्षद अमित ग्रोवर, दलजीत पंघाल के नेतृत्व में एमडी कार्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं भी शामिल थीं। पार्षद जगमोहन मित्तल ने बताया कि जब वे लोग बिजली निगम कार्यालय पहुंचे तो वहां पर ताला लगाकर गेट को बंद कर दिया गया। इसके विरोध में उन्होंने वहीं पर बैठ कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पार्षदों ने कहा कि गेट बंद करके आम आदमी की आवाज को दबाया जा रहा है। गरीब जनता से सिक्योरिटी के नाम पर वसूली की जा रही है। जब नए कनेक्शन लिए जाते हैं तब सिक्योरिटी जमा की जाती है तो अब नए सिरे से यह बोझ जनता पर क्यों डाला जा रहा है। उन्होंने मांग की कि अगर उन्हें अंदर नहीं जाने दिया जा रहा तो एमडी गेट पर पहुंचकर उनका ज्ञापन लें। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बिजली अधिकारियों से बातचीत की जिसके बाद बिजली निगम के एससी सबरवाल मौके पर पहुंचे और ज्ञापन लिया।