फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा पार्षदों का दर्द, अधिकारी कर रहे एजेंडों की अनदेखी

विज्ञापन
मेयर गौतम सरदाना को ज्ञापन सौंपते पार्षद। - फोटो : Hisar
विज्ञापन
हिसार। शहर के पार्षदों ने मेयर गौतम सरदाना के साथ बिजली निगम द्वारा लिए जा रहे एसीडी (एडिशनल कैश डिपोजिट) को लेकर बैठक की। बैठक में भाजपा पार्षदों का दर्द भी छलक पड़ा। इस दौरान पार्षदों ने अधिकारियों द्वारा की जा रही उनके एजेंडों की अनदेखी का दुखड़ा रोया।
विज्ञापन

इसके अलावा निगम की कई शाखाओं की कार्यप्रणाली के चलते जनता व उन्हें हो रही परेशानी को लेकर भी पार्षदों ने मेयर के सामने अपना रोष जाहिर किया। बैठक में पार्षदों ने एसीडी के नियम को वापस लेने की मांग को लेकर मेयर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा। मेयर ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि उनकी बात को मुख्यमंत्री तक पहुंचा दिया जाएगा।
बता दें कि मेयर के साथ पार्षदों की यह बैठक पहले सोमवार को प्रस्तावित थी, लेकिन मेयर के चंडीगढ़ में जाने के कारण यह बैठक नहीं हो सकी थी। इसके बाद इस बैठक को मंगलवार को 12 बजे निर्धारित कर दिया गया था। मगर मंगलवार सुबह इसका समय बदलकर 11 बजे कर दिया गया।
विज्ञापन

नगर सुधार मंडल सेल में हुई बैठक
मेयर के साथ पार्षदों की यह बैठक नगर निगम कार्यालय की बजाय ऑटो मार्केट फेज थ्री में स्थित नगर सुधार मंडल सेल में हुई। बैठक में शहर के 20 पार्षदों में से 12 पार्षद व उनके प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें भी सिर्फ कांग्रेस समर्थित एक पार्षद प्रतिनिधि ही था, बाकी सभी भाजपा समर्थित पार्षद व उनके प्रतिनिधि थे। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर भी शामिल हुए।
पार्षद बोले - नहीं हो रहा उनके एजेंडों पर काम
बैठक में मेयर गौतम सरदाना के सामने ज्यादा पार्षदों ने कहा कि उनके एजेंडों पर काम नहीं हो रहा है। अधिकारी जानबूझकर विकास कार्यों को लटका रहे हैं। जब उनके वार्डों में विकास कार्य ही नहीं होंगे तो वे किस मुंह से अगली बार वोट मांगेंगे। पार्षदों ने कहा कि कई विकास कार्य कई-कई माह से पेंडिंग पड़े हैं और शुरू नहीं हो पा रहे हैं। इस पर मेयर ने जल्द ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
टैक्स ब्रांच की कार्यप्रणाली को लेकर की शिकायत
पार्षदों ने निगम की टैक्स शाखा की कार्यप्रणाली को लेकर भी मेयर के सामने अपना रोष जाहिर किया। पार्षदों का कहना है कि टैक्स शाखा की लापरवाही कार्यप्रणाली के चलते शहरवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं अगर कोई पार्षद टैक्स संबंधी फाइल लेकर शाखा में जाता है तो उसके साथ भी सही ढंग से व्यवहार नहीं किया जाता है। वर्तमान में शाखा में काफी समय से एनडीसी सहित प्रॉपर्टी टैक्स संबंधी फाइलें अटकी पड़ी हैं, जिन्हें पास नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा पार्षदों ने प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे में हुई गड़बड़ियों का मुद्दा भी बैठक में उठाया।
एसीडी के नियम को वापस लेने की उठाई मांग
पार्षदों ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा उपभोक्ताओं से लिए जा रहे एसीडी के विरोध में मेयर गौतम सरदाना को मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपा। पार्षदों ने कहा कि कोविड 19 के कारण पहले ही आम जनता की आर्थिक स्थिति पहले से ही खराब है। ऐसे में सरकार द्वारा एसीडी लेने से जनता में रोष पैदा हो रहा है। आज आमजन अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए स्कूल फीस तक नहीं दे पा रहा है। जनता के हितों को देखते हुए बिजली निगम एसीडी लेने के नियम को वापस ले। इस पर मेयर ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि उनके मांग पत्र को मुख्यमंत्री तक पहुंचा दिया जाएगा। इस अवसर पर सीनियर डिप्टी मेयर अनिल सैनी, डिप्टी मेयर जयबीर गुर्जर, अनिल जैन, डॉ. उमेद खन्ना, भूप सिंह रोहिल्ला, मनोहर लाल, जय प्रकाश, प्रीतम सैनी, पिंकी शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि उदयवीर सिंह मिंटू, सुशील शर्मा, प्रवीण केडिया, राजू, भीम महाजन मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें