नागरिक अस्पताल में मरीजों की जांच करते हुए डॉ संजय वर्मा
हांसी। चार दिन के सरकारी अवकाश के बाद सोमवार को नागरिक अस्पताल की ओपीडी खुली। इस दौरान नागरिक अस्पताल में पूरा दिन मरीजों की भीड़ लगी रही। अस्पताल में 456 मरीज जांच करवाने के लिए पहुंचे। वहीं हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से सांस के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। चिकित्सक ऐसे मरीजों को मास्क लगाने की सलाह दे रहे हैं।
नागरिक अस्पताल में बुखार, खांसी, जुकाम व सांस के रोग से संबंधित मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा रही। करीब 150 मरीज इन बीमारियों के उपचार के लिए पहुंचे। वहीं ओपीडी से लेकर रक्त जांच के लिए मरीजों की भीड़ रही। मरीज उपचार के लिए सुबह आठ बजे से ही लाइन में लगने शुरू हो गए। ओपीडी सुबह 9 बजे खुली। ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। मरीजों को अपनी बारी के लिए एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इसके बाद विभिन्न तरह की जांच जैसे रक्त जांच, एक्सरे करवाने के लिए भी भीड़ लगी रही। जांच की रिपोर्ट के लिए भी मरीजों को फिर से इंतजार करना पड़ा। बता दें कि वीरवार को दीपावली, शुक्रवार को हरियाणा दिवस, शनिवार को गोवर्धन पूजा व रविवार को अवकाश था। इसके चलते चार दिन तक ओपीडी बंद थी। केवल इमरजेंसी में ही मरीजों की जांच की गई थी। सोमवार को ओपीडी खुली थी। बता दें कि अस्पताल में जनरल ओपीडी के लिए एमबीबीएस चिकित्सक, महिला रोग विशेषज्ञ, सर्जन व दंत चिकित्सक ही हैं। इसके अलावा अन्य रोग के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। मंगलवार को अल्ट्रासाउंड के लिए रेडियोलोजिस्ट व बाल रोग विशेषज्ञ हिसार के नागरिक अस्पताल से आते हैं।
मौसम में बदलाव के साथ बढ़े सांस के रोगी
हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ ही नागरिक अस्पताल में सोमवार को सांस के रोग से संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। अस्पताल में करीब 35 मरीज ऐसे पहुंचे। जिन्हें प्रदूषण बढ़ने से सांस लेने में तकलीफ थी। इसके अलावा शाम के समय तापमान घटने से खांसी से संबंधित मरीज भी आ रहे हैं।
बीते तीन दिनों से हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। इस वजह से अस्पताल की ओपीडी बढ़ी है। खासतौर पर सांस के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। ऐसे मरीज मुंह पर मास्क लगाकर घर से निकले। जरूरत हो तो ही घर से निकलें।- डॉ. संजय वर्मा, आरएमओ, नागरिक अस्पताल