05 - ओपी जिंदल हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-4 में काटे जा रहे पेड़।
- फोटो : Hisar
ओपी जिंदल हाउसिंग बोर्ड रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसायटी सेक्टर-4 व स्थानीय निवासियों ने ओपी जिंदल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दिनदहाड़े हरे पेड़ काटे जाने की शिकायत मिलगेट थाना पुलिस को दी है। सोसायटी प्रधान राकेश कुमार संधू व महासचिव रविंद्र शर्मा ने बताया कि कॉलोनी में एक मजार है, जिसके आसपास नीम व अन्य पेड़ थे। आरोप है कि गत दिवस मजार की देखरेख करने वाली एक महिला ने नीम सहित 3-4 अन्य पेड़ों को कटवाकर बेच दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब पेड़ काटे जा रहे तो मिलगेट थाने में इसकी सूचना दी गई, लेकिन वहां से जवाब दिया गया कि इसमें वे कुछ नहीं कर सकते और इस बारे में शहरी विकास प्राधिकरण में बात करो। शहरी विकास प्राधिकरण बागवानी विभाग के एक्सईएन व जेई से बात की गई तो उन्होंने भी इस मामले में किसी तरह की कार्रवाई करने में असमर्थता जता दी। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि दोनों विभागों में से कोई भी तुरंत हरकत में आता तो पेड़ों को कटने से बचाया जा सकता था। सोसायटी के मीडिया प्रभारी ज्योति प्रकाश कौशिक ने बताया कि सोसायटी पदाधिकारियों व कॉलोनी वासियों ने बैठक कर इस मामले की शिकायत मिलगेट थाने में दी। इस मौके पर उपप्रधान अमरजीत यादव, सह सचिव रोहताश कुमार, कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार, वरिष्ठ सदस्य ओमप्रकाश डाबला, कर्मबीर बागड़ी, संजय बिश्नोई, आजाद जांगड़ा, अनिल वर्मा, ललित शर्मा, शीतल नागर, राजकुमार खरड़ आदि मौजूद रहे।