हिसार। ऑनलाइन बिजली बिल भुगतान न होने से उपभोक्ताओं को जुर्माना लगने का डर सता रहा है। मजबूरन उन्हें ऑफलाइन भुगतान करने के लिए बिजली निगम के दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। खास बात यह है कि ऑनलाइन बिजली बिल भुगतान न होने से सोमवार को एक हजार से अधिक उपभोक्ता प्रभावित हुए। वहीं, अधिकारियों ने दावा किया है कि मंगलवार शाम तक समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
बिजली निगम की आईटी के एक अधिकारी ने बताया कि सॉफ्टवेयर को अपडेट करने का कार्य चल रहा है। सॉफ्टवेयर में तकनीकी खामियां आने के कारण ऑनलाइन बिल भुगतान के लिए उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हिसार सर्कल में विभिन्न श्रेणी के उपभोक्ता
- घरेलू कनेक्शन - 366291
- नॉन घरेलू कनेक्शन - 47989
- ट्यूबवेल मीटर कनेक्शन - 20505
- ट्यूबवेल बिना मीटर कनेक्शन - 1734
- औद्योगिक बिजली कनेक्शन एचटी - 543
- औद्योगिक बिजली कनेक्शन एलटी - 3293
आज शाम तक कर देंगे दुरुस्त
मंगलवार शाम तक सॉफ्टवेयर में आई तकनीकी खामियों को दुरुस्त कर लिया जाएगा। तब तक किसी भी उपभोक्ता को जुर्माना नहीं भरना पड़ेगा। हमारी तरफ से तेजी से समस्याओं का निदान किया जा रहा है।
- नक्खवी, एसई, आईटी सेल, बिजली निगम।