नागोरी गेट से लेकर परिजात चौक वन वे को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था ठीक करने के लिए अब निगम ने एक और नया प्वाइंट जोड़ा है।
डीसी चंद्रशेखर खरे ने पूरा मामला नगर निगम के हवाले कर दिया है। निगम के एक्सईएन रामजीलाल और एमई जगदीश ने सोमवार को व्यापारियों के साथ मीटिंग की। इसके बाद मौके पर पहुंचकर व्यापारियों को पूरी प्लानिंग भी समझाई।
नए शहर वाले ऐसे जाएंगे राजगुरु मार्केट
एक्सईएन ने प्लान बताया कि पुराने शहर की तरफ से आने वाले वाहन पारिजात चौक से ग्रोवर मार्केट रोड पर निकलेंगे। अगर उन्हें आगे बस स्टैंड की तरफ जाना है तो वे सीधा निकल जाएंगे, जबकि राजगुरु मार्केट जाना होता तो वाहन चालक गुरुद्वारा के सामने से निकलेंगे। यहां पर मेन रोड का डिवाइडर तोड़कर ग्रोवर मार्केट से होकर आने वाले राजगुरु मार्केट की तरफ जा सकेंगे।
दुकानों के बिछेंगी टाइलें
दुकानों के सामने दोनों साइडों के फुटपाथ पर इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाई जाएंगी। इसके लिए नगर निगम अधिकारियों ने प्लानिंग कर ली है। जल्द ही इसके लिए टेंडर लग सकता है और टेंडर लगने से पहले भी डीसी की अनुमति से टाइलें बिछाई जा सकती हैं।
ऑटो की लेन के लिए मिलेगा 26 फुट रोड
पारिजात चौक से रेलवे रोड जाने वाले ऑटो और छोटे वाहनों के लिए दुकानदारों ने 26 फुट चौड़े रोड की डिमांड की है। निगम ने इसके लिए व्यापारियों के साथ मीटिंग कर सहमति जता दी है।
व्यापारी अतिक्रमण हटाने को हुए तैयार
रेलवे रोड के व्यापारी निगम अधिकारियों के साथ हुई बैठक में अतिक्रमण हटाने के लिए राजी हो गए हैं। इसके लिए व्यापारियों ने देर शाम अपने दुकानदार साथियों के साथ मीटिंग कर अतिक्रमण हटाने का फैसला लिया है। व्यापारी सुरेंद्र लाहौरिया ने कहा कि वे इसके लिए तैयार हैं। दुकान के बाहर किसी का सामान नहीं निकलेगा। प्रशासन का हम पूरा सहयोग करेंगे।
आज यह होगा बदलाव
सोमवार की रात गुरुद्वारा के पास डिवाइडर को तोड़ दिया गया, जिसके बाद मंगलवार सुबह से बस अड्डे की ओर से आने वाले वाहन राजगुरु मार्केट पारिजात चौक की ओर जाने के लिए दोनों लेन का प्रयोग कर सकेंगे। रात के समय कुछ जगह लेन के लिए लाइनिंग की गई हैं। मंगलवार से नए रूट प्लान के हिसाब से वाहन चलाए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस दो दिन तक यहां होने वाली दिक्कतों को दर्ज करेगी। इसके बाद जरूरत के अनुसार इस प्लान में थोड़ा बदलाव किया जा सकता है।
गुरुद्वारे के सामने डिवाइडर को तोड़कर ग्रोवर मार्केट से राजगुरु मार्केट जाने वालों के लिए रास्ता बनाया जाएगा। रेलवे रोड सहित रोड के दोनों तरफ का अतिक्रमण हटेगा। इसके लिए दुकानदारों ने सहयोग की बात कही है। जहां इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाई जाएंगी। - रामजीलाल, एक्सईएन नगर निगम
नए रूट प्लान के हिसाब से कुछ जगह डिवाइडर हटाए जाएंगे। कुछ जगह पर लेनिंग के लिए काम होगा। कुछ फुटपाथ खाली कराएंगे। शहरवासियों को जाम से राहत देने के लिए सभी बेहतर सुझावों पर काम होगा। राजगुरू मार्केट की तरह से इस चौक को भी मॉडल बनाएंगे। - डॉ. कमल गुप्ता, सीपीएस हिसार