हिसार। जिले में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को एक और रोगी में संक्रमण की पुष्टि के साथ ही रोगियों का आंकड़ा 3 तक पहुंच गया है, जिनमें एक महिला शामिल हैं। वहीं 24 मई से 6 जून के अंतराल में संदिग्ध लक्षण वाले 12 लोगों के सैंपल की जांच की जा चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक शहर के अर्बन एस्टेट-2 में 24 वर्षीय युवक कोरोना की चपेट में आया है, जिसको कफ, वायरल व गले के संक्रमण की शिकायत थी। रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि होने पर उसे होम आईसोलेट कर दिया है।पहला केस : 24 मई को जिले में कोरोना का पहला केस सामने आया था। शांति नगर निवासी 58 वर्षीय महिला में कोरोना की पुष्टि हुई थी, जो अपने बेटे के संपर्क में आने से संक्रमित हुई थी। बेटा ऋषिकेश में संक्रमित होकर घर आया था।
दूसरा केस: कोरोना का दूसरा मामला हांसी में सामने आया। युवक बीते बुधवार को नागरिक अस्पताल में स्थापित फ्लू कॉर्नर में सैंपल देकर गया था। वीरवार को संक्रमण की पुष्टि के बाद उसे होम आइसोलेट कर रखा था।
मास्क से अभी भी परहेज
जिले में कोरोना के तीन मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन सतर्कता की बात करें तो न तो चिकित्सक गंभीर है और न ही नर्सिंग व चतुर्थ श्रेणी स्टाफ। नागरिक अस्पताल में इनमें से कोई मास्क का इस्तेमाल नहीं कर रहा है। यहां आने वाले लोग भी मास्क नहीं पहन रहे। सीएमओ ने चिकित्सकों सहित सभी कर्मचारियों को मास्क पहनने के निर्देश दिए थे,लेकिन पालन नहीं हो रहा।
कोरोना के तीन केस मिल चुके हैं। शुक्रवार को तीसरा मामला सामने आया है, जोकि अर्बन-एस्टेट-2 का रहने वाला है। उसे होम आईसोलेट कर दिया गया है। - डॉ. सपना, सीएमओ, हिसार।