11 लाख लूट व जिंदा जलाने की झूठी साजिश रचने वाले राममेहर की एक और महिला मित्र को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। महिला मित्र रानी गांव डाटा की रहने वाली है। रानी ने इस पूरी साजिश में राममेहर का सहयोग किया था।
पुलिस ने महिला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी और होनी बाकी है। हालांकि पुलिस ने इस बात खुलासा नहीं किया है कि वे दो लोग कौन हैं। राममेहर का साथ देने वाले तीन से चार लोग हैं। जल्द ही पुलिस उन्हें भी गिरफ्तार करेगी।
रमूल की मां व बच्चों का डीएनए टेस्ट के लिए लिया सैंपल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार उन्होंने रमलू की माता व उसके बच्चों का डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल लिया है, ताकि डीएनए टेस्ट में यह भी स्पष्ट हो जाए कि मरने वाला व्यक्ति रमलू ही था। हालांकि राममेहर ने स्वयं भी इस बात का खुलासा किया था कि उसी ने रमलू का गला घोंटकर हत्या की व गाड़ी में उसका शव जला दिया। अब पुलिस डीएनए टेस्ट से इस बात की पुष्टि करना चाहती है। पुलिस का मानना है कि राममेहर इस मामले में शुरू से ही झूठ बोलता आ रहा है, जिस कारण उसकी हर बात की पुष्टि की जाएगी।
अभी नहीं हुई रुपयों की बरामदगी
अभी तक पुलिस ने इस मामले में रुपयों की कोई बरामदगी नहीं की है। पुलिस के मुताबिक इस साजिश के बाद राममेहर ने महिला सुनीता के पास पैसा रखा था। जल्द ही पुलिस उस पैसे को बरामद करेगी। कुछ पैसा राममेहर ने रानी के बैंक खाते में भी डलवाया था।
यह था मामला
भाटला-महजत रोड पर 6 अक्तूबर को एक जली हुई गाड़ी मिली थी, जिसमें एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। पहले तो मामला यह दिखाया गया कि लुटेरों ने डाटा निवासी राममेहर से 11 लाख लूट कर उसे गाड़ी में जिंदा जला दिया। पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि राममेहर ने अपने ही गांव के व्यक्ति रमलू की गला घोंटकर हत्या की और उसका शव अपनी गाड़ी में रखकर जला दिया। बाद में वह छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के लिए रवाना हो गया। राममेहर की कॉल डिटेल के आधार व इस मामले में उसकी महिला मित्रों से पूछताछ में पुलिस को सुराग मिला, जिस पर पुलिस उसे बिलासपुर से गिरफ्तार कर हांसी ले आई। फिलहाल इस मामले में राममेहर पहले ही सात दिन के रिमांड पर चल रहा है। इसके अलावा उसकी एक महिला मित्र सुनीता को भी गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसे पुलिस ने पांच दिन के रिमांड पर लिया हुआ है। वहीं अब महिला रानी को गिरफ्तार कर लिया है।
हर पहली पर की जा रही जांच
रमलू की हत्या के बाद राममेहर का सहयोग करने वाले तीन-चार लोग हैं। जल्द ही पुलिस उन्हें भी गिरफ्तार करेगी। इस मामले में परिजनों की संलिप्तता अभी तक सामने नहीं आई है, लेकिन हर पहलू पर जांच की जा रही है।
-धर्मबीर, डीएसपी, हांसी।