हिसार। शहर के एक होटल में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या करने के मामले में सिटी थाना पुलिस ने आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश करेगी। संभावना है कि पुलिस आरोपी को रिमांड पर देने की अपील करेगी। वहीं मंगलवार को पुलिस ने होटल में पहुंचकर फिर से सीसीटीवी फुटेज खंगाली। सिटी थाना प्रभारी अमित कुंडू ने बताया कि आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
शहर के बस स्टैंड के पास एक होटल में रविवार शाम को एक छात्रा मृत मिली थी। छात्रा के परिजनों ने दो युवकों पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म कर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया था। परिजनों का कहना था कि दोनों युवक उसे कई दिनों से परेशान कर रहे थे और उस पर यूनिवर्सिटी से बाहर आकर अकेले में मिलने का दबाव बना रहे थे।
छात्रा ने मां को इस बारे में अवगत करवाया था। इस पर उन्होंने आरोपियों को फोन भी किया था जिस पर युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी थी। इसके बाद आरोपी रवि छात्रा पर दबाव बनाते हुए उसे होटल में ले गया था।
हत्या करने के बाद युवक खुद पुलिस के पास पहुंच गया और बताया कि छात्रा ने फंदा लगाकर अपनी जान दी है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी रवि और सचिन के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।