हिसार। बाडो पट्टी टोल प्लाजा के शिफ्ट इंचार्ज संजय शुक्ला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी साहिल हिसार के सेक्टर 16-17 का रहने वाला है। पुलिस अब उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि वारदात की साजिश, अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना में प्रयुक्त वाहन के संबंध में पूछताछ की जा सके।
सीआईए प्रभारी पीएसआई कर्ण सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के समय साहिल घटनास्थल पर मौजूद था। जांच में यह भी पता चला कि घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो साहिल ने किराये पर ली थी। आरोपी अपने साथियों के साथ अमृतसर गया था और लौटते समय टोल प्लाजा पर यह घटना हुई।
आईआरबी कंपनी के बाडो पट्टी टोल प्लाजा पर कार्यरत महाराष्ट्र के ठाणे जिले के विशाल नगर, कल्याणपुर निवासी रमेश मौर्य ने बरवाला थाना पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 23 जून को दोपहर 12 बजकर 8 मिनट पर एक काले रंग की स्कॉर्पियो टोल प्लाजा पर पहुंची। वाहन में सवार चारों युवक नशे की हालत में थे। उन्होंने शिफ्ट इंचार्ज संजय शुक्ला के साथ मारपीट की और उन पर वाहन चढ़ा दिया गया। गंभीर रूप से घायल संजय शुक्ला को एंबुलेंस से नागरिक अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने इस मामले में बहबलपुर निवासी मनोज उर्फ फिल्मी समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। जांच में सामने आया है कि साहिल की दोस्ती मनोज उर्फ फिल्मी से है जो इस मामले में नामजद आरोपी है। मनोज फिलहाल जेल से बाहर आया हुआ था।
तीन आरोपी अभी भी फरार
पुलिस के अनुसार साहिल के खिलाफ पहले से आजाद नगर थाना में मारपीट का प्राथमिकी दर्ज है। हत्याकांड में शामिल तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। इनमें दो आरोपी सोनीपत के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।