अवैध कॉलोनी में सीवर लाइन को उखाड़ता जेसीबी चालक।
हिसार। जिला नगर योजनाकार विभाग (डीटीपी) ने सातरोड-रायपुर रोड पर विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोलियों पर मंगलवार को कार्रवाई की। विभाग को सूचना मिली कि सातरोड से रायपुर लिंक रोड पर सातरोड के पास 4 एकड़ में मास्टर कॉलोनी एक्सटेंशन व 4 एकड़ में वीपीएल नाम से अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही है। कॉलोनाइजर ने कॉलोनियों में कच्चे रास्ते का निर्माण किया हुआ है। साथ ही सीवर लाइन भी बिछा दी है। मंगलवार को दल-बल के साथ मौके पर विभाग की टीम पहुंची। इस दौरान जेसीबी से कच्चे रास्तों व सीवर लाइन को उखाड़ दिया गया। डीटीपी दिनेश सिंह ने लोगों से अपील की कि वे अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें और किसी भी तरह का निर्माण न करें। इस मौके पर एफआई दीपक शर्मा व जेई हरज्ञान भी मौजूद रहे। ब्यूरो