अगस्त माह के पहले दिन रविवार की शुरुआत बारिश के साथ हुई है। मानसून की सक्रियता के कारण जिले में सुबह से ही बादल छाए रहे और 10 बजे के बाद अधिकांश क्षेत्रों में बारिश हुई। करीब दो घंटे तक रुक-रुक कर कभी हल्की बारिश तो कभी बूंदाबांदी जारी रही। हालांकि बारिश के बाद तेज धूप निकलने से उमस ने परेशानी बढ़ा दी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिन और बारिश के आसार हैं।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार शहर में 22.0 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग की वैधशाला के अनुसार, फार्म क्षेत्र में 55.4 एमएम बारिश दर्ज की गई है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा। बता दें कि पिछले एक सप्ताह में ही जिले में 287 एमएम बारिश हो चुकी है। एचएयू के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ ने बताया कि प्रदेश में 3 अगस्त तक मानसून की सक्रियता जारी रहेगी।
एक सप्ताह का आंकड़ा
तारीख बारिश (एमएम में)
01 अगस्त 22
31 जुलाई 00
30 जुलाई 44
29 जुलाई 117
28 जुलाई 28.9
27 जुलाई 75.4