उमरा पीएचसी का निरीक्षण करते हुए विधायक विनोद भयाना।
हांसी। चिकित्सकों की कमी झेल रहे उमरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में विधायक विनोद भयाना ने निरीक्षण किया। इस दौरान वहां पर चार कर्मचारी अनुपस्थित मिले। विधायक ने एएसएमओ को अनुपस्थित मिले कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के लिए कहा।
दरअसल विधायक विनोद भयाना उमरा में विकास कार्यों का शुभारंभ करने पहुंचे थे। इस दौरान लोगों ने उनके समक्ष शिकायत रखी की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोई लाभ नहीं मिल रहा। न ही यहां पर चिकित्सक मिलते हैं व न ही कर्मचारी मिलते हैं। इस पर विधायक केंद्र में निरीक्षण करने के लिए पहुंचे और वहां हाजिरी रजिस्टर की जांच की। वहां पर तैनात छह कर्मचारियों में से दो कर्मचारी ही ड्यूटी पर मिले। दो कर्मचारियों से फोन पर बात की तो उन्होंने बताया कि वह देपल में चल रहे एक शिविर में हैं, लेकिन उन्होंने मूवमेंट रजिस्टर में एंट्री नहीं की थी, जिसके बाद दो अन्य कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। उमरा का यह केंद्र सोरखी स्थित सीएचसी के अधीन आता है। जिस पर विधायक ने सोरखी सीएचसी के एएसएमओ डॉ. कामिद मोंगा को अनुपस्थित मिलने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के लिए कहा। जिस पर एसएमओ डॉ़ मोंगा ने कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
फिलहाल नहीं है कोई चिकित्सक तैनात
उमरा में दो चिकित्सकों की ड्यूटी है। यहां पर तैनात डॉ. किरण नवंबर से छह महीने की डेपुटेशन पर आयुष्मान भारत के तहत पंचकूला में तैनात हैं। डेंटल सर्जन डॉ. रेणुका दो महीने की सीसीएल पर हैं। वह दस दिन बार ज्वाइन करेंगी। ऐसे में उमरा में अभी कोई चिकित्सक नहीं हैं।
-जो कर्मचारी अनुपस्थित थे उनसे स्पष्टीकरण मांग लिया है। दो ने बताया है कि वह शिविर में थे, लेकिन मूवमेंट रजिस्टर में एंट्री करना भूल गए थे। अन्य कर्मचारी भी जल्द स्पष्टीकरण दे देंगे। -
डॉ. कामिद मोंगा, एएसएमओ, सीएचसी, सोरखी
-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में निरीक्षण किया था। वहां तैनात जो कर्मी अनुपस्थित मिले हैं उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके लिए एएसएमओ को कहा है।
- विनोद भयाना, विधायक