हरियाणा में सिरसा के गांव शेरगढ़ के पास शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने वृद्ध को बुरी तरह कुचल दिया।
इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार चौटाला रोड पर गांव शेरगढ़ के पास शुक्रवार सुबह नौ बजे चौटाला की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे वृद्ध को टक्कर मार दी।
हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। गांव शेरगढ़ निवासी हनुमान ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे उसका चाचा तिलकराम (65) गांव लखुआना की ओर स्थित खेतों में गया था।
काफी समय बाद घर न लौटने पर उन्होंने खोजबीन शुरू की। पता चला कि सड़क पर हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है। वे मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
शहर थाना पुलिस के एएसआई सूबे सिंह ने बताया कि मृतक के भतीजे हनुमान की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।