हांसी। संविदा कर्मी के यौन शोषण के आरोप लगने के बाद एसडीएम कुलभूषण बंसल के दफ्तर में चर्चा का माहौल गर्म रहा। हालांकि वह बुधवार को ही कार्यालय नहीं आए थे और अवकाश पर चले गए। वीरवार को उनकी अनुपस्थिति में कर्मचारियों की जुबां पर यही मामला रहा। कुलभूषण बंसल करीब ढाई माह पहले हिसार से स्थानांतरित होकर आए थे। वे हिसार में जिला परिषद के सीईओ के पद पर तैनात थे और इससे पहले फतेहाबाद में उनकी नियुक्ति थी। फतेहाबाद में रहते हुए उन्होंने अपने अधीनस्थ चपरासी का यौन शोषण शुरू कर दिया था और यह सिलसिला हिसार में भी बरकरार रहा।
कर्मचारी को नौकरी से हटाने का दबाव बनाकर वे फतेहाबाद से उसे मसाज के लिए हिसार बुलाते रहे और इसकी आड़ में यौन शोषण करते रहे। वीरवार को उनको सस्पेंड करने के बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एस्टेट ऑफिसर राजेश कौथ को अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। मूलरूप से पंजाब के रहने वाले कुलभूषण बंसल पर यौन शोषण के आरोपों के बाद उनके दफ्तर के कर्मचारियों और आम लोगों ने कहा कि ऑफिस के कामकाज को लेकर हर किसी के प्रति उनका स्वभाव सरल था। काम को लेकर किसी को कोई शिकायत नहीं थी। वह यहां नहीं ठहरते थे। हिसार में ही रहते थे। उनके ही ऑफिस के एक कर्मचारी ने कहा कि यह मामला मीडिया में आएगा, इसका अहसास उन्हें हो गया था, इसी वजह से उनके चेहरे पर तनाव दिखने लगा था। हो सकता है इस दौरान पीड़ित को मनाने के प्रयास कर रहे हों।