हिसार। शहर के दिल्ली रोड पर टाउन पार्क से आईजी कार्यालय तक सड़क किनारे 10-12 जगहों पर कब्जा हो गया है। हालात यह है कि फुटपाथ पर नो पार्किंग जोन होने के बाद भी वहां गाड़ियां खड़ी रहती हैं। इस कारण से पैदल राहगीरों को सड़क पर चलना पड़ रहा है। मगर संबंधित विभाग इस तरफ आंखें मूंदकर बैठे हुए हैं।
बता दें कि अमर उजाला ने अतिक्रमण मुक्त फुटपाथ को लेकर फुटपाथ हमारा हक नाम से अभियान शुरू किया है। इसी को लेकर शनिवार को अमर उजाला संवाददाता ने दिल्ली रोड पर टाउन पार्क से आईजी कार्यालय तक का जायजा लिया। इस दौरान जगह-जगह फुटपाथ पर कब्जे मिले।
यहां-यहां हो रखा है अतिक्रमण
पीएलए के पास दिल्ली रोड पर काफी संख्या में बड़े शोरूम हैं। चूंकि इन शोरूम में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है तो लोग फुटपाथ पर अपनी गाड़ियां खड़ी करते हैं। हालांकि यहां पीएलए मार्केट की काफी बड़ी पार्किंग है। मगर लोग इसका इस्तेमाल नहीं करते। गाड़ियों की पार्किंग की जगह यहां खाने-पीने के सामान की रेहड़ियां लगती हैं। यहां फड़ वालों ने भी फुटपाथ पर कब्जा कर रखा है। इसके अलावा कैंप चौक से मटका चौक के बीच सड़कों के दोनों तरफ फुटपाथ पर गाड़ियां खड़ी होती है, जबकि बीएंडआर रेस्ट हाउस की तरफ नो पार्किंग का बोर्ड लगा होने के बावजूद यहां गाड़ियां खड़ी होती हैं।
यह कहना है लोगों का
शहर में फुटपाथ पर जगह-जगह कब्जे हो रखे हैं। ऐसे में पैदल राहगीरों लिए सड़क पर चलना मजबूरी है। ऐसे कब्जों को हटाया जाना चाहिए।- दिनेश महीपाल
नो पार्किंग जोन में भी गाड़ियां खड़ी होती हैं। ऐसी गाड़ियों के चालान किए जाए। लोगों को पैदल चलने के लिए फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त किया जाए।- राजीव ठाकुर
फुटपाथ पर खड़ी होने वाली गाड़ियों के चालान किए जाने चाहिए। चालान होंगे तो लोग गाड़ियों को पार्किंग की जगह में ही खड़े करेंगे। -संदीप सोनी
फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के लिए निरंतर अभियान चलाना चाहिए, क्योंकि एक बार अतिक्रमण हटाने के भी फिर से इन जगहों पर अतिक्रमण हो जाता है।- लवकेश भाटिया