हिसार। सेक्टर 16-17 और 13 पार्ट-2 के निवासियों ने क्षेत्र की जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग के लिए आवाज उठाई है। बुधवार को सेक्टर 16-17 के सामुदायिक केंद्र में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक प्रधान इंद्र सिंह मलिक की अध्यक्षता में हुई।
बैठक के बाद आरडब्ल्यूए प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त सी. जयाश्रद्धा को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। आरडब्ल्यूए महासचिव धर्मपाल कालीरमन ने बताया कि इससे पहले भी 30 मार्च को तत्कालीन नगर निगम आयुक्त को मांगपत्र सौंपा गया था, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने के कारण दोबारा ज्ञापन दिया गया है।
सेक्टरवासियों ने लावारिस पशुओं, आवारा कुत्तों और बंदरों की समस्या का समाधान करने, एचएसवीपी के नक्शे के अनुसार ड्रेनेज सिस्टम की सफाई कराने और खुले नालों पर ढक्कन लगाने की मांग की गई। सदस्यों ने कहा कि अधूरी सफाई के कारण बारिश के दौरान खाली प्लॉटों में जलभराव हो जाता है जिससे लोगों को परेशानी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
कर्नल चतर सिंह गोयत ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था मजबूत करने और महिला सत्संग स्थल के प्रवेश द्वार से अतिक्रमण हटाने की मांग की। बैठक में चरण सिंह सिवाच, तिलक मेहता, चरण सिंह, प्रो. दिलीप सिंह खराब, डॉ. कमल दत्त शर्मा, बलवीर सिंह, ओमप्रकाश श्योकंद माैजूद रहे।