सिरसा। जिले में अब महिलाएं फील्ड में उतरकर पानी के बिलों को एकत्रित करेंगी। इसके साथ ही नए कनेक्शन लगवाने का काम करेंगी। जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की ओर से महिलाओं को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से जल जीवन मिशन के तहत महिला शक्ति को जोड़ा जा रहा है। अब महिलाएं गांव-गांव जाकर फील्ड वर्क करेंगी। जिसे गांव 500 तक घर हैं वहां एक महिला नियुक्त की जाएगा। किसी गांव में 500 से ज्यादा घर हैं तो उस गांव में 2 महिलाओं को नियुक्त किया जाएगा। यह पूरा कार्यभार स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दिया गया है। ये महिलाएं गांवों में अवैध पानी के कनेक्शनों को वैध करवाने का भी काम करेंगी।
अब तक 1.86 लाख वैध हुए कनेक्शन
जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की ओर से योजना के तहत अब तक 1 लाख 86 हजार कनेक्शनों को वैध किया जा चुका है। हर घर जल के तहत 338 गांवों की कमेटियों का गठन किया गया है। जो निरंतर गांवों में ग्रामीणों को जागरूक करने का काम करती है।
186 गांवों में डाली जाएगी नई पाइप लाइन
विभाग की ओर से जिले के 186 गांवों में विकास कार्य किया जाना है। इसके लिए विभाग ने एस्टीमेट बनाकर तैयार कर लिया है। इन गांवों में से कुछ गांवों का एस्टीमेट पास हो चुका है और कार्य भी शुरू हो चुका है। इस दौरान इन गांवों में नई पाइप लाइन डालने का काम, नए वाटर वर्क्स, ट्यूबवेल लगाने का काम किया जाएगा।
विभाग ने 338 जल मित्र बनाएं
जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की ओर से जिले के 338 गांवों में 338 जल मित्र नियुक्त किए गए हैं। ये राजकीय स्कूलों में जाकर जल संरक्षण को लेकर जागरुकता रैली, क्विज प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन करवाते है। इसी टीम के माध्यम से गांवों को लीकेज फ्री कैंपेन का आयोजन भी किया जाता है।
चत्तरगढ़पट्टी स्कूल में जागरुकता कार्यक्रम आज
विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में विभाग की ओर से जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चत्तरगढ़पट्टी में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को जल जीवन पर आधारित क्विज प्रतियोगिता व निंबध लेखन प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इसमें छठीं, सातवीं व आठवीं के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
जल एवं स्वच्छता सहायता संगठन का मुख्य लक्ष्य हर घर में प्रति व्यक्ति रोजाना 55 लीटर जल उपलब्ध करवाने का है। इसको लेकर विभाग व टीम निरंतर प्रयासरत है। विभाग की ओर से हर घर शुद्ध जल देने का भी मुख्य लक्ष्य है।
- राकेश सोगलान, जिला सलाहकार, जल एवं स्वच्छता सहायता संगठन सिरसा।