हिसार। यात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब यात्री रोडवेज बसों से धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण कर सकेंगे। रोडवेज ने सालासर, खाटूश्याम, बीकानेर, बैजनाथ, कांगड़ा के लिए बसें चलाने की योजना तैयार की है। इसको लेकर रोडवेज महाप्रबंधक की ओर से मुख्यालय पत्र लिखकर अनुमति मांगी गई है। मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद रोडवेज की ओर से आगामी प्रक्रिया शुरू होगी।
बता दें, कि कुछ दिन पहले भी श्रद्धालुओं ने खाटूश्याम के लिए बस चलाने के लिए मांग रखी थी। इस दौरान श्रद्धालु रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल से मिले थे और उन्हें ज्ञापन सौंपा। मगर अभी तक हिसार से खाटू श्याम तक बस चलाने के लिए हरी झंडी नहीं मिल पाई है। उधर, रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल के अनुसार खाटूश्याम तक बस चलाने के लिए फाइल प्रोसेस में है। उल्लेखनीय है कि कई बार यात्री भी धार्मिक स्थलों के लिए बसें चलाने के लिए मांग उठा चुके है।
हमारी ओर से मुख्यालय पत्र लिखकर अनुमति मांगी गई है। जैसे ही अनुमति मिलेगी, आगामी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यात्री भी धार्मिक स्थलों तक बसें चलवाने की मांग कर रहे हैं।
- राहुल मित्तल, महाप्रबंधक, रोडवेज