ग्राम सचिव परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ के जरिये नकल कराने के मामले में पुलिस हररोज नए आरोपियों तक पहुंच रही है और नए खुलासे भी हो रहे हैं। इस कारण इस ब्लूटूथ कांड में गिरोह की चेन लंबी होती जा रही है। एसपी द्वारा गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने सिविल लाइन थाने में दर्ज मामले में गामड़ा निवासी जितेंद्र और बुढ़ाना निवासी प्रवेश को गिरफ्तार किया। बुधवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया।
अदालत ने आरोपी जितेंद्र को दो दिन और आरोपी प्रवेश को एक दिन का रिमांड मंजूर करते हुए पुलिस को सौंपने के आदेश दिए। पुलिस इन दोनों से रिमांड के दौरान इस नकल मामले में और राज उगलवाने के प्रयास करेगी। पुलिस के अनुसार गामड़ा निवासी जितेंद्र ने बताया है कि उसने खेड़ी चौपटा निवासी अमित और हिंदवान निवासी राकेश कुमार को दिल्ली से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस दिलवाए थे। इसी के साथ हिसार के बुढ़ाना गांव निवासी प्रवेश ने आरोपी की मदद करने की बात कुबूल की है। इससे पहले खुलासा हुआ था कि हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कैंपस स्कूल में ग्राम सचिव पद की लिखित परीक्षा के दौरान खेड़ी चौपटा निवासी अमित की जगह हिंदवान निवासी राकेश कुमार परीक्षा दे रहा था और इस मामले में आरोपी जितेंद्र ने व्हाट्सएप के माध्यम से उत्तर कुंजी भेजी थी।
यह था मामला
उल्लेखनीय है कि जिले में दो दिन आयोजित ग्राम सचिव की परीक्षा के दौरान शहर के सेंट कबीर स्कूल, मॉडल टाउन स्थित सरकारी स्कूल एवं एचएयू के कैंपस स्कूल परीक्षा केंद्र से शहर थाना पुलिस ने तीन परीक्षार्थियों को पकड़ा था। उस समय तीनों परीक्षार्थी ब्लूटूथ के जरिये नकल कर रहे थे। इस वजह से पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 419, 420, 120बी व 66डी इंफॉर्मेशन एक्ट के तहत केस दर्ज कर किया था।