शहरवासियों को अब जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र संबंधी जानकारी हासिल करने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अब सिर्फ एक क्लिक पर पुराना रिकॉर्ड भी मिल सकेगा। नगर निगम प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की ओर से 1990 से 2013 तक का रिकॉर्ड कंप्यूटराइज्ड करवा लिया गया है। छह लाख से अधिक आवेदनों को करीब एक साल में कंप्यूटराइज्ड किया गया है। 2013 से बाद का डाटा पहले ही ऑनलाइन हो चुका है।
यह होगा फायदा
दरअसल किसी भी शहरवासी को अपने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र संबंधी रिकॉर्ड की जरूरत हो तो उसे निगम कार्यालय में या फिर सरल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना पड़ता है। इसके बाद कर्मचारी सभी पुराने रजिस्टरों को खंगालकर पुराना डाटा निकालते थे और फिर जानकारी आवेदक को देते थे। इसमें 10 से 15 दिन का समय भी लग जाता था। ऐसे में अगर किसी को जल्दी डाटा चाहिए तो उसे परेशानी उठानी पड़ती थी। अब यह काम पूरी तरह आसान हो गया है।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र संबंधी डाटा कंप्यूटराइज्ड कर दिया गया है। एक क्लिक पर किसी भी आवेदक का डाटा निकाला जा सकेगा। काम आसान हो गया है।
- अमन ढांडा, ईओ, नगर निगम, हिसार