हिसार। विश्वविद्यालयों को उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से सरकार पर निर्भर न रहकर अपने आय बढ़ाने के बारे में जारी किए गए निर्देशों के विरोध में यूनिवर्सिटी एंप्लाइज फेडरेशन के आह्वान पर तीनों यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों ने शुक्रवार को दो घंटे धरना दिया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जाहिर किया। कर्मचारियों ने एलान किया कि प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन जारी रखेंगे। इसी कड़ी में 14 जून को कलम छोड़ हड़ताल करेंगे।
लुवास : गैर शिक्षक कर्मचारी संघ ने पत्र वापस लेने की मांग की
लुवास के गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रधान तरुण तनेजा की अध्यक्षता में कर्मचारियों ने 2 घंटे का सांकेतिक धरना दिया। तनेजा ने बताया कि सरकार की ओर से बहुत ही गलत निर्णय लिया गया है। सरकार अपने इस फैसले को जल्द से जल्द वापस ले। इस मौके पर वरिष्ठ उपप्रधान सुनील पांडे, उप प्रधान दारा सिंह, महासचिव प्रदीप लाम्बा, प्रचार सचिव सुरेश गुज्जर, यूनियन के सदस्य कुलविंदर, अजय मेहता, हरि सिंह गुज्जर, दीपक मौजूद रहे।
जीजेयू : मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
जीजेयू के गैर शिक्षक कर्मचारी कल्याण संघ के प्रधान रामनिवास वर्मा के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कुलपति के तकनीकी सलाहकार प्रो. संदीप राणा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय को सरकार पर निर्भर न होकर अपनी आमदनी बढ़ाने के बारे में आदेश जारी किए हैं। इस अवसर पर पूर्व प्रधान इंद्राज भारती, चरणदास अठवाल, विकास पंघाल, कैलाश बिश्नोई, रवि लाम्बा, सुरेंद्र पूनिया, देशराज वर्मा, विनोद वर्मा, विजय कुमार, परमजीत, सुमन रानी, रेखा व माया देवी उपस्थित रहे।
एचएयू : सरकार निजीकरण पर दे रही जोर
हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी गैर शिक्षक कर्मचारी संघ कार्यकारिणी ने प्रशासनिक भवन के सामने सांकेतिक धरना दिया। धरने में ऑल हरियाणा यूनिवर्सिटी एम्प्लाइज फेडरेशन एवं होंटिया प्रधान दिनेश कुमार, महासचिव राजेश परुथी ने संबोधित किया। उन्होंने बताया कि फेडरेशन के निर्णय के अनुसार सुबह 7 बजे से 9 बजे तक का सांकेतिक धरना सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों का विरोध किया। सरकार का यह कदम विश्वविद्यालयों का निजीकरण करने की तरफ उठाया गया कदम है। इस मौके पर हमसा प्रधान हितेंद्र सिहाग, सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव राजेश बागड़ी, ओमप्रकाश माल, विनोद कुमार, सुरेंद्र सिंह, बिशन सिंह, राकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।