हिसार। चिड़ौद गांव के सरपंच प्रतिनिधि मोलूराम का चार दिन बाद भी सुराग नहीं लगा है। परिजनों के अनुसार मोलूराम के लापता होने के बाद सरपंच बालादेवी, उनकी दो बेटियां और एक बेटा गहरे सदमे में हैं। परिजनों का कहना है कि एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पीड़ित पक्ष और ग्रामीण शनिवार को पुलिस अधीक्षक हिसार से मुलाकात करेंगे। वे मोलूराम की तलाश तेज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रखेंगे। मोलूराम के भतीजे सुनील ने बताया कि परिवार उनके सकुशल लौटने की उम्मीद कर रहा है। जांच अधिकारी मनदीप चहल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी और मोलूराम की तलाश के प्रयास जारी हैं। संवाद