सीएम फ्लाइंग स्कवॉयड की टीम घी व वनस्पति ऑयल की जांच करते हुए
हिसार। दिवाली पर मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को शहर के तीन प्रतिष्ठानों की जांच की। मिल गेट स्थित संकट मोचन मिठाई एवं पनीर प्लांट में मिठाइयां तैयार करने का लाइसेंस नहीं मिला। यहां 3330 किलोग्राम रसगुल्ले, 900 किलोग्राम चमचम और 15 किलोग्राम गुलाब जामुन मिले।
टीम ने मिठाइयों, खाद्य तेल और अन्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड की हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में हुई जांच में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी काजल, एएसआई चंद्रपाल और हेड कांस्टेबल विजय शामिल रहे। संकट मोचन प्लांट के संचालक दीपक मौके पर मिले, लेकिन लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर पाए।
इसके बाद टीम ने गोपाल दूध डेयरी की जांच की। संचालक गोपाल ने मिठाइयां तैयार करने का लाइसेंस दिखाया। डेयरी में करीब 300 किलोग्राम रसगुल्ले मिले, जिनका सैंपल लिया गया।
बड़वाली ढाणी स्थित लावण्या ट्रेडिंग कंपनी में संचालक तरुणा लोहिया ने लाइसेंस प्रस्तुत किया। यहां पाम ऑयल के 361 टिन यानी करीब 5415 किलोग्राम, वनस्पति के 26 टिन यानी 390 किलोग्राम और सोरबिटोल (ग्लूकोज सिरप) के 36 ड्रम यानी करीब 10800 किलोग्राम सामग्री मिली। इनके भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए।
रेंज इंचार्ज सुनैना ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाया गया है। मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।