हांसी जिला सचिवालय में लोगों की शिकायत सुनते डीसी राहुल नरवाल।
हांसी। जिला सचिवालय में वीरवार को कार्यभार संभालने के बाद डीसी राहुल नरवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी योजना का कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब तक जिलास्तरीय कार्यालय स्थापित नहीं हो जाते तब तक वह वरिष्ठ अधिकारी की तरह ही कार्य करते रहें। उन्होंने शहर तथा सदर थाना प्रभारियों को भी समाधान शिविर में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
डीसी राहुल नरवाल ने जिला उपायुक्त का पदभार ग्रहण करने के उपरांत आयोजित समाधान शिविर में जन समस्याएं भी सुनीं। परिवार पहचान पत्र में इनकम को लेकर आने वाली शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारी स्पॉट पर जाकर रिपोर्ट तैयार करें, ताकि परिवार पहचान पत्र में दर्शाई गई इनकम का सही ढंग से वेरिफिकेशन हो सके।
डीसी ने खेत की सिंचाई के लिए नहरी पानी बंद होने को लेकर रखी गई शिकायत पर संबंधित विभाग के अधिकारियों निर्देश दिए कि वह तुरंत मौका मुआयना कर उचित कार्यवाही अमल में लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बुढ़ापा पेंशन बनवाने को लेकर प्रस्तुत आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए की अगर कागजात पूर्ण है तो तुरंत पेंशन बनवाना सुनिश्चित करें। अगर पेंशन नहीं बन सकती है तो आवेदक को कारण बताकर संतुष्ट करें। समाधान शिविर में एसडीएम राजेश खोथ, तहसीलदार अनिल कुमार बिढान, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।