हांसी खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय।
हांसी। पंचायत समिति खंड द्वितीय के चेयरमैन कुलदीप के खिलाफ 17 फरवरी को पंचायत समिति सदस्यों का अविश्वास प्रस्ताव पेश होगा। एडीसी की मौजूदगी में सदस्यों का चुनाव करवाया जाएगा। वहीं खंड प्रथम के उपप्रधान ने डीसी को इस्तीफा सौंपा दिया।
अविश्वास प्रस्ताव के दौरान खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में मौजूद होने के लिए पंचायत समिति सदस्यों को सूचना भी दी गई है। बता दें कि बीते दिनों अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पंचायत समिति के 18 में से 13 सदस्य हिसार में एडीसी से मिले थे। सदस्यों ने चेयरमैन की कार्यप्रणाली से असंतुष्टि जाहिर करते हुए उसे हटाने की मांग की थी। सदस्यों का कहना था कि चेयरमैन ने खुद के काम करवाए हैं। दूसरों के काम नहीं करवाए, जिससे वह नाराज थे। इसलिए वह मौजूदा चेयरमैन कुलदीप को बदलना चाहते हैं। अविश्वास प्रस्ताव की मांग करने वालों में वार्ड 16 से रविना, वार्ड 13 से सतीश, वार्ड 11 से आशीष, वार्ड 9 से सुभाष, वार्ड 17 से मिन्टू, वार्ड 15 से संदीप, वार्ड 7 से रवि, वार्ड 12 से सीता देवी, वार्ड 4 से नीतू, वार्ड 10 से मोनिका, वार्ड 14 से ज्योति, वार्ड 18 से निर्मला देवी, वार्ड 8 से टिनम शामिल थे। कुलदीप करीब दो वर्ष पंचायत समिति खंड द्वितीय के चेयरमैन बने थे।
खंड प्रथम के उपप्रधान ने इस्तीफा सौंपा
बता दें कि नौ जनवरी को पंचायत समिति खंड प्रथम की चेयरपर्सन निर्मला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हुआ था। तब हुई वोटिंग में 29 में से 26 सदस्यों ने उनके खिलाफ मतदान किया था। अगली चेयरपर्सन चुने जाने तक बीडीपीओ ही चेयरपर्सन का कार्यभार देख रहे हैं। अभी नए चेयरमैन के लिए चुनाव नहीं हुआ है। नए चेयरमैन के लिए एक सदस्य पर सभी सर्वसम्मति बना चुके हैं। वहीं खंड प्रथम के उप प्रधान दयानंद ने डीसी को इस्तीफा सौंपा। वह वार्ड 19 के पंचायत समिति के सदस्य हैं। करीब दो वर्ष पहले वह उपप्रधान चुने गए थे।